Ludhiana News: पंजाब के लुधियाना शहर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शेरपुर के एक खाली प्लॉट में पड़े प्लास्टिक ड्रम से सड़ी-गली लाश मिलने से पूरे इलाके में डर और हैरानी का माहौल बन गया है. ड्रम से उठ रही तेज दुर्गंध के चलते जब स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया, तब यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ.
रस्सियों से बंधा मिला शव
पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो उन्हें एक नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में लिपटा हुआ शव मिला, जिसके हाथ-पैर रस्सियों से कसकर बांधे गए थे. शव की हालत देखकर ऐसा लग रहा है कि उसे कई दिन पहले मारा गया होगा. पुलिस को शक है कि यह एक सोची-समझी हत्या है, जिसके बाद शव को सबूत छिपाने के लिए ड्रम में भर कर फेंक दिया गया.
शव की नहीं हो पाई पहचान
थाना डिवीजन नंबर 6 की एसएचओ कुलवंत कौर के अनुसार, अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. लेकिन लाश की हालत और इलाके की जनसंख्या को देखकर यह आशंका है कि मृतक प्रवासी मजदूर हो सकता है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है, जिससे मृत्यु के कारणों और समय का पता चल सके.
CCTV और ड्रम की जांच से खुलेंगे राज
जांच में यह बात भी सामने आई है कि ड्रम नया था. इसका मतलब साफ है कि यह हत्या किसी योजना के तहत की गई. पुलिस अब लुधियाना की उन 42 फैक्ट्रियों से पूछताछ कर रही है जो ऐसे प्लास्टिक ड्रम बनाती हैं. इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे ड्रम को फेंकने वाले की पहचान की जा सके.
मेरठ जैसा मामला?
यह घटना मेरठ में हुए एक पुराने हत्याकांड से मिलती-जुलती लग रही है, जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को नीले ड्रम में छिपा दिया था. लुधियाना पुलिस इस संभावना को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: बठिंडा में इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर की संदिग्ध हालात में मौत, कार से मिला शव; अश्लील कंटेंट पर मिली थी धमकी