CSBC Bihar Police Constable Result 2025: केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025 का परिणाम आधिकारिक वेबसाइट csbc.bihar.gov.in पर जारी कर दिया है. इस बार लिखित परीक्षा क्वालिफाइंग आधार पर हुई है और इसके जरिए शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET/PST) के लिए लगभग पाँच गुना अधिक उम्मीदवारों का चयन किया गया है. कुल 99,690 उम्मीदवारों ने इस परीक्षा में सफलता हासिल की है, जिनमें 62,822 पुरुष, 36,834 महिलाएं और 34 ट्रांसजेंडर शामिल हैं. इस भर्ती अभियान के तहत राज्य पुलिस में 19,838 कांस्टेबल पद भरे जाएंगे.
लिखित परीक्षा: क्वालिफाइंग प्रकृति और अगला चरण
यह ध्यान रखना जरूरी है कि बिहार पुलिस की लिखित परीक्षा केवल क्वालिफाइंग नेचर की है, जिसका मतलब है कि लिखित परीक्षा के अंक फाइनल मेरिट में शामिल नहीं होंगे. असली परीक्षा उम्मीदवारों की शारीरिक दक्षता पर आधारित होगी. चुने गए अभ्यर्थियों को अब दौड़, ऊंची कूद और गोला फेंक जैसे शारीरिक परीक्षणों में अपनी क्षमता साबित करनी होगी. इस चरण में प्रदर्शन के आधार पर ही फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी.
रिजल्ट कैसे चेक करें?
बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 का रिजल्ट CSBC की आधिकारिक वेबसाइट csbc.bihar.gov.in पर उपलब्ध है. उम्मीदवार ‘Results: Written Examination for Bihar Police Constables’ लिंक पर क्लिक कर पीडीएफ फाइल डाउनलोड कर सकते हैं, जिसमें चयनित उम्मीदवारों के रोल नंबर शामिल हैं. इससे अभ्यर्थी जान सकते हैं कि वे अगले दौर के लिए चुने गए हैं या नहीं.
फिजिकल टेस्ट का आयोजन और नियम
फिजिकल टेस्ट दिसंबर 2025 में आयोजित होने की संभावना है. इस परीक्षा में फाइनल मेरिट केवल PET/PST के अंकों के आधार पर बनेगी. इसमें अभ्यर्थियों को निर्धारित समय और दूरी/ऊंचाई के मानकों को पूरा करना होगा.
परीक्षा के तीन मुख्य चरण हैं:
दौड़
ऊंची कूद
गोला फेंक
पुरुषों को 16 पौंड (7.26 किलो) का गोला कम से कम 16 फीट दूर फेंकना होगा. महिलाओं को 12 पौंड (लगभग 4 किलो) का गोला कम से कम 12 फीट तक फेंकना होगा. इन सभी गतिविधियों में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी.
चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और सख्ती
बिहार पुलिस की यह भर्ती प्रक्रिया बेहद पारदर्शी और कड़ी मापदंडों के तहत हो रही है. केवल लिखित परीक्षा पास करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता और फिटनेस को प्राथमिकता दी जा रही है. इससे सुनिश्चित होगा कि बिहार पुलिस में चुने गए कांस्टेबल न केवल योग्य बल्कि शारीरिक रूप से भी सक्षम होंगे.
ये भी पढ़ें: सीमांचल से लेकर समस्तीपुर तक 'कार्यकर्ता संवाद'... अमित शाह ने दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने का रखा लक्ष्य