CM Yogi In Bihar: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है. इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार (8 नवंबर) को मोतिहारी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बिहार की जनता अब “लालटेन की धुंधली रोशनी” नहीं, बल्कि “एनडीए की एलईडी लाइट में जगमगाता बिहार” चाहती है.
सीएम योगी ने कहा कि पहले चरण के मतदान ने ही यह संकेत दे दिया है कि बिहार की जनता एनडीए के साथ है. उन्होंने दावा किया, “14 नवंबर को जब नतीजे आएंगे, तब बिहार में फिर से सुशासन, विकास और सुरक्षा की एनडीए सरकार बनेगी. जनता अब अपराध, भ्रष्टाचार और अराजकता से तंग आ चुकी है.” उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि आरजेडी और कांग्रेस की सरकारें हमेशा बिहार को पिछड़ापन, बेरोजगारी और अपराध की राह पर ले गईं, जबकि एनडीए ने राज्य में स्थिरता और प्रगति की नींव रखी.
बिहार की सत्याग्रही भूमि मोतिहारी विधान सभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा में राष्ट्रवादी जनता को संबोधित कर रहा हूं... https://t.co/OmnRuAN1ZB
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 8, 2025
सीएम योगी ने बिहार की ऐतिहासिक धरती को किया नमन
जनसभा की शुरुआत में योगी आदित्यनाथ ने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता का जिक्र करते हुए कहा, “यह वही धरती है जिसने माता जानकी को जन्म दिया, मोहनदास करमचंद गांधी को महात्मा बनाया और पूरे देश को स्वतंत्रता का मार्ग दिखाया. यह भूमि सत्याग्रह की है, और राष्ट्र रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रही है.”
उन्होंने आगे कहा कि नालंदा, चाणक्य, आर्यभट्ट, भगवान बुद्ध और भगवान महावीर जैसी विभूतियों की भूमि होने के बावजूद बिहार को पिछड़ा दिखाने का पाप कांग्रेस और आरजेडी की सरकारों ने किया. उन्होंने कहा,“इन दलों ने बिहार की मेधा और प्रतिभा का शोषण किया और अपने स्वार्थ के लिए जनता को अंधेरे में रखा.”
नीतीश कुमार की सरकार की उपलब्धियों का बखान
योगी आदित्यनाथ ने बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की उपलब्धियों की गिनती कराते हुए कहा कि पिछले दो दशकों में राज्य में विकास के नए अध्याय लिखे गए हैं. उन्होंने कहा, “आज बिहार में चौड़ी सड़कें, एयरपोर्ट, रेलवे नेटवर्क, इनलैंड वाटरवे और मेट्रो जैसी सुविधाएं विकसित हो रही हैं. यहां आईआईटी, एनआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे संस्थान खुल चुके हैं, जो नए बिहार की पहचान हैं.”
उन्होंने कहा कि सुरक्षा और स्थिरता ही निवेश का आधार है. “अगर अपराधी जीत गए तो निवेश भाग जाएगा और नौजवान फिर से पलायन करने को मजबूर होंगे. इसलिए बिहार को अपराध नहीं, विकास की सरकार चाहिए,” उन्होंने जोड़ा.
‘कट्टा नहीं, कंप्यूटर चाहिए’
अपने खास अंदाज में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की तरह बिहार को भी अपराधियों से मुक्त रहना होगा. सीएम योगी ने कहा, “हमने यूपी में बुलडोजर चलाकर माफियाओं की छाती पर चढ़ाई की है. अब अपराधी पस्त है और नौजवान मस्त है. बिहार को भी माफिया राज से दूर रखकर विकास की राह पर आगे बढ़ाना होगा.” उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार युवाओं को बंदूक नहीं, किताबें और कंप्यूटर देना चाहती है. “जनता अब ‘कट्टा सरकार’ नहीं बल्कि ‘स्टार्ट-अप सरकार’ चाहती है,” उन्होंने कहा.
राम मंदिर और आस्था पर विपक्ष को घेरा
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, “इन दलों ने कभी भगवान राम के अस्तित्व पर ही सवाल उठाया था. समाजवादियों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं. लेकिन रामभक्तों ने वचन निभाया, रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे और आज अयोध्या में भव्य राममंदिर बनकर तैयार है.” उन्होंने आगे बताया कि अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट, निषादराज के नाम पर यात्री विश्रामालय और माता शबरी रसोई जैसी सुविधाएं स्थापित की जा रही हैं.
राम-जानकी मार्ग और विकास परियोजनाएं
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या से सीतामढ़ी को जोड़ने वाला राम जानकी मार्ग 6155 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत हो चुका है. इसका निर्माण कार्य शुरू भी हो गया है. इसके अलावा गोरखपुर से सिलीगुड़ी को जोड़ने वाला एक्सप्रेसवे मोतिहारी से होकर जाएगा, जो बिहार की अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा कॉरिडोर साबित होगा.
‘भारत अब मजबूर नहीं, मजबूत है’
योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्र की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि आज का भारत पहले से कहीं अधिक शक्तिशाली है. सीएम योगी ने कहा, “अब जो भारत की सीमा या सुरक्षा पर नजर डालेगा, उसे यमराज की टिकट मिल जाएगी. मोदी सरकार ने नक्सलवाद और माओवाद की कमर तोड़ने का संकल्प लिया है और मार्च 2026 तक यह खतरा पूरी तरह खत्म हो जाएगा.”
मोदी सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
योगी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने गरीबों और किसानों को सम्मान, सुरक्षा और अवसर दिए हैं. उन्होंने गिनाया कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा, 12 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, 10 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला योजना से रसोई गैस, और 4 करोड़ गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है. उन्होंने कहा, “कांग्रेस के समय में गैस कनेक्शन के लिए 50,000 रुपए देने पड़ते थे और लाइन में लाठी मिलती थी. आज मोदी जी ने गरीब मां-बहनों को रसोई गैस से सम्मान दिया है.”
विपक्षी उम्मीदवारों पर आरोप
महागठबंधन प्रत्याशी पर हमला करते हुए योगी ने कहा कि विपक्ष के उम्मीदवारों के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और अपहरण जैसे 28 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. उन्होंने कहा,“अगर ऐसे अपराधी यूपी में होते तो अब तक जेल की सलाखों के पीछे होते. अपराधियों का कोई धर्म या जाति नहीं होती, वे केवल समाज के दुश्मन होते हैं.”
यह भी पढ़ें- Stubble Burning: हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं में 77% की कमी, सरकार की ये योजना लाई रंग