बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल में जैसे-जैसे तारीख नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे सियासी पारा भी चढ़ता जा रहा है. इसी बीच अररिया के सिकटी विधानसभा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और बीजेपी के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने जब मंच संभाला, तो माहौल नारों और तालियों से गूंज उठा. योगी ने बिहार की जनता से NDA को दोबारा सत्ता में लाने की अपील की और विपक्षी दलों पर करारा प्रहार किया.
अपने भाषण की शुरुआत में सीएम योगी ने कहा कि बिहार का विकास और गरीबों का कल्याण केवल NDA सरकार ही कर सकती है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि आज देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है. वहीं, पिछली सरकारों—कांग्रेस और आरजेडी—पर निशाना साधते हुए बोले कि “इन दलों का इतिहास केवल भ्रष्टाचार, दलाली और परिवारवाद तक सीमित रहा है.” योगी ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों को घर दिया, बिजली दी, शौचालय दिया और रोजगार के अवसर बढ़ाए. उन्होंने दावा किया कि “बिहार में अगर फिर एनडीए की सरकार बनी, तो विकास की यह रफ्तार और तेज होगी.”
राम मंदिर रोकने वाले आज जनता से वोट मांग रहे हैं
अपने भाषण के दौरान योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए विपक्ष पर तीखा वार किया. उन्होंने कहा कि “आरजेडी के लोगों ने कभी राम मंदिर की रथ यात्रा को रोक दिया था. उस वक्त कांग्रेस कहती थी कि राम नहीं हैं, तो माता जानकी कैसे होंगी? लेकिन हमने कहा था – ‘राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे.’” योगी ने आगे कहा कि “आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार है. दुनिया का सबसे बड़ा मंदिर, जो देश की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है.” उन्होंने बताया कि अयोध्या का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है. उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि “ये वही लोग हैं जिन्होंने देश की आस्था का अपमान किया और अब फिर बिहार की जनता को भ्रमित करने निकले हैं. लेकिन इस बार जनता उनके बहकावे में नहीं आएगी.”
जंगलराज नहीं चाहिए, बिहार को विकासराज चाहिए
सीएम योगी ने आरजेडी के शासनकाल को “जंगलराज का युग” बताते हुए जनता को आगाह किया. उन्होंने कहा कि “जब आरजेडी सत्ता में थी, तब बिहार खून-खराबे, अपहरण और अराजकता का पर्याय बन चुका था. उस दौर में 60 से ज्यादा नरसंहार हुए थे. लोग घर से निकलने से डरते थे.”योगी ने कहा कि “2005 में जब एनडीए की सरकार बनी और नीतिश कुमार ने नेतृत्व संभाला, तभी बिहार में विकास की नई सुबह हुई. आज हर गांव तक सड़कें हैं, बिजली है, शिक्षा और रोजगार के अवसर हैं. यह बदलाव एनडीए की नीतियों से आया है, न कि लालटेन की रोशनी से.”
बिहार का नया चेहरा: विकास, विश्वास और सुरक्षा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का बिहार पहले से बिल्कुल अलग है. उन्होंने कहा, “पहले जहां भय और भ्रष्टाचार का बोलबाला था, अब वहां विकास और विश्वास की गूंज है. NDA ने बिहार को अंधेरे से निकालकर उजाले में लाया है.उन्होंने जनता से अपील की कि “अब फैसला आपको करना है — क्या आप फिर से जंगलराज में लौटना चाहेंगे, या विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहेंगे?”योगी ने कहा कि बिहार को आगे ले जाने का काम केवल वही सरकार कर सकती है जो “राम, राष्ट्र और विकास” के रास्ते पर चलती है. उन्होंने कहा, “अगर बिहार को मजबूत बनाना है, तो NDA को ही चुनना होगा.
यह भी पढ़ें: 'हमें घुसपैठियों का वोट नहीं चाहिए, युवा और जीविका दीदियों से जितेंगे...' बिहार में दहाड़े अमित शाह