'जैसे UP में माफिया पस्त हैं और नौजवान मस्त हैं, बिहार में भी माफियाओं की उलटी गिनती शुरू': CM योगी

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की सरगर्मी के बीच सीतामढ़ी के परिहार विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एनडीए की जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा.

CM Yogi address Rally in Bihar Sitamarhi Said Countdown Started of mafia
Image Source: (Yogi Adityanath) Social Media

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की सरगर्मी के बीच सीतामढ़ी के परिहार विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एनडीए की जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. जोश और आत्मविश्वास से लबरेज योगी ने कहा कि पहले चरण का मतदान इस बात का सबूत है कि बिहार की जनता ने कांग्रेस, राजद और उनके सहयोगियों को पूरी तरह नकार दिया है.

सीएम योगी ने एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगते हुए कहा, “जैसे उत्तर प्रदेश में माफिया आज पस्त हैं और नौजवान मस्त हैं, वैसे ही बिहार में भी माफियाओं की उलटी गिनती शुरू हो गई है.” उन्होंने तीखे अंदाज में कहा, “जो खानदानी माफिया हैं, उनके दिन अब लद चुके हैं. एनडीए की सरकार बनते ही इनकी हालत ऐसी होगी कि पहचानना मुश्किल हो जाएगा.”

बिहार के युवाओं की पहचान छीनने वाले अब जवाब दें

जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने राजद और कांग्रेस पर बिहार की छवि खराब करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “मैं आज आपसे पूछने आया हूं वो कौन लोग हैं जिन्होंने बिहार के युवाओं के लिए पहचान का संकट खड़ा किया? जिन्होंने इस राज्य की प्रतिष्ठा को कलंकित किया? सीएम योगी ने कहा कि बिहार का नौजवान मेहनती और प्रतिभाशाली है, उसने हर जगह अपनी बुद्धि और योग्यता से देश का नाम ऊंचा किया है. “लेकिन कांग्रेस और राजद ने बिहार की पहचान को कमजोर किया, युवाओं को भ्रमित किया और प्रदेश को पिछड़ा रखा,” उन्होंने कहा.

अब बिहार का फैसला करेगा नौजवान

मुख्यमंत्री योगी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, “पहले चरण के मतदान ने यह साबित कर दिया है कि बिहार में अब कांग्रेस और राजद की कोई जगह नहीं बची है. अब बिहार में वही होगा जो बिहार का नौजवान चाहेगा.” उन्होंने कहा कि इच्छाशक्ति और संकल्प के बल पर बदलाव संभव है, और एनडीए की सरकार उस बदलाव की गारंटी है.

सड़क, बिजली और पानी, बिहार बदल रहा है

योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में केंद्र सरकार के विकास कार्यों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली है. आज बिहार में सड़क है, बिजली है, पानी है. रेलवे से लेकर एयर कनेक्टिविटी तक सब कुछ बेहतर हुआ है. उन्होंने आगे कहा कि बिहार में अब इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ी है, जिससे युवाओं को पढ़ाई और रोजगार के अवसर अपने ही राज्य में मिल रहे हैं.

रामभक्तों पर गोलियां चलाने वालों को जनता नहीं भूलेगी

सभा के दौरान योगी ने एक बार फिर विपक्ष पर धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा, “कांग्रेस कहती थी कि भगवान राम हुए ही नहीं. राजद ने राम मंदिर आंदोलन को रोकने का पाप किया, और इनके साथी समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं.” उन्होंने आगे कहा, “हमने तब भी कहा था  ‘राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’, और आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है. अब मां जानकी की नगरी सीतामढ़ी में भी माता जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है. यह कार्य केवल एनडीए ही कर सकता है और वही इसे पूरा करेगा.”

एनडीए ही बिहार की स्थिरता और सम्मान की गारंटी

अपने भाषण के अंत में सीएम योगी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि बिहार को फिर से अपराध, भ्रष्टाचार और अराजकता की ओर नहीं लौटने देना है. उन्होंने कहा, बिहार के लोग अब विकास, शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा चाहते हैं. एनडीए ही वह ताकत है जो इन सपनों को पूरा कर सकती है. सीतामढ़ी की इस जनसभा में योगी आदित्यनाथ का भाषण न केवल राजनीतिक रैली था, बल्कि उसमें बिहार के आत्मसम्मान, धर्म और विकास की कहानी भी गूंज रही थी.

यह भी पढ़ें: 'न तीन में न ही तेरह में...सब सूखा ही सूखा हैं', केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना