MP Police Recruitment: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुलिस विभाग के जवानों और अधिकारियों को बड़ी खुशखबरी दी है. के.एफ. रुस्तम जी पुरस्कार समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग में नई भर्ती का बड़ा ऐलान किया.
उन्होंने कहा कि इस साल पुलिस विभाग में 10 हजार नए पदों पर भर्ती की मंजूरी दी जा रही है. मुख्यमंत्री ने माना कि विभाग में अभी करीब 22,500 पद खाली हैं और बाकी रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी.
पुलिसकर्मियों की इनाम राशि बढ़ाई गई
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन राशि में भी बढ़ोतरी की घोषणा की. उन्होंने बताया कि डीजी स्तर पर मिलने वाली 25 हजार रुपये की इनाम राशि अब बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई है. वहीं एसपी स्तर पर मिलने वाली राशि 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मियों की मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान करना सरकार की प्राथमिकता है. इस कार्यक्रम में 101 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित भी किया गया.
नक्सलवाद खत्म करने पर पुलिस की तारीफ
मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों की भी जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि पुलिस की मेहनत से चंबल इलाके से डकैतों का सफाया हुआ है. उन्होंने यह भी कहा कि बीते दो साल में प्रदेश ने नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है.
मध्य प्रदेश अब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जो नक्सलवाद से मुक्त हुआ है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, बालाघाट जैसे इलाकों को भी अब विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा चुका है.
चीता प्रोजेक्ट को लेकर भी बड़ा अपडेट
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘प्रोजेक्ट चीता’ को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आज दो मादा चीताओं को खुले जंगल में छोड़ा गया है. उन्होंने कहा कि एशिया में चीतों की पुनर्बसाहट के मामले में मध्य प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है. प्रदेश में अब तक 57 से ज्यादा चीते बसाए जा चुके हैं, जिसे पर्यावरण और पर्यटन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- तोड़ने वाले भारत की शक्ति को समझ नहीं सके... सोमनाथ से पीएम मोदी ने दिया संदेश, सरदार पटेल को किया याद