चीन में भीषण रेल हादसा; ट्रैक पर काम कर रहे कर्मचारियों को ट्रेन ने कुचला, 11 की मौत, दो गंभीर घायल

China Rail Accident: चीन के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में एक दुखद रेल दुर्घटना हुई है, जिसमें 11 रेलवे मेंटेनेंस कर्मचारी अपनी जान गंवा बैठे और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

China Rail Accident kills 11 railway maintenance workers
Image Source: ANI/ Social Media

China Rail Accident: चीन के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में एक दुखद रेल दुर्घटना हुई है, जिसमें 11 रेलवे मेंटेनेंस कर्मचारी अपनी जान गंवा बैठे और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा युन्नान प्रांत की राजधानी कुनमिंग स्थित लुओयांगझेन स्टेशन पर गुरुवार तड़के हुआ. हादसा इतना भयंकर था कि घटनास्थल पर ही कई कर्मचारियों की मौत हो गई. यह घटना चीनी रेलवे नेटवर्क में एक और गंभीर हादसा साबित हुई है, जिसके कारण सुरक्षा मानकों पर सवाल उठ रहे हैं.

कैसे हुआ हादसा?

हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रेन भूकंपीय उपकरणों की टेस्टिंग कर रही थी और रेलवे ट्रैक पर गुजर रही थी. राज्य मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेन एक घुमावदार ट्रैक पर मुड़ी और वहां काम कर रहे कर्मचारियों को अपनी चपेट में ले लिया. इतनी तेज टक्कर हुई कि कई कर्मचारी मौके पर ही अपनी जान गंवा बैठे. यह हादसा न केवल एक भारी क्षति का कारण बना, बल्कि इसने एक बार फिर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

रेस्क्यू ऑपरेशन की तत्परता

हादसे के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन ने इमरजेंसी सिस्टम को सक्रिय कर दिया. स्थानीय प्रशासन और मेडिकल टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया. अधिकारियों के अनुसार, घायल कर्मचारियों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति की निगरानी की जा रही है. यह हादसा तब हुआ, जब कर्मचारी अपने नियमित काम में लगे हुए थे, और अब इस घटना ने सुरक्षा और सावधानियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

हादसे की जांच शुरू

सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा मानवीय गलती के कारण हुआ था या फिर तकनीकी खामी की वजह से यह हादसा हुआ. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आ सकेगी. इस बीच, स्टेशन पर रेल सेवाएं फिर से सामान्य हो चुकी हैं और परिचालन सुचारू रूप से जारी है.

चीन का रेलवे नेटवर्क और सुरक्षा

चीन का रेलवे नेटवर्क दुनिया में सबसे बड़ा है, जिसका कुल क्षेत्रफल 160,000 किलोमीटर से भी अधिक है. हालांकि, हाल के वर्षों में यहां कई विनाशकारी रेल दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. 2011 में झेजियांग प्रांत में एक बड़ी दुर्घटना में 40 लोग मारे गए थे और 200 से अधिक घायल हुए थे. इसके बाद 2021 में गांसु प्रांत में भी एक और घातक दुर्घटना हुई, जिसमें 9 श्रमिकों की मौत हो गई थी. इन घटनाओं ने चीन में रेल सुरक्षा और औद्योगिक दुर्घटनाओं की गंभीरता को एक बार फिर से उजागर किया है.

ये भी पढ़ें: सजा-ए-मौत के बाद... 21 साल जेल की सजा, अब किस मामले में शेख हसीना पर कोर्ट ने सुनाया फैसला?