चीन के फुजियान प्रांत के जिंजियांग शहर में गुरुवार (9 जुलाई 2026) को एक जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते भयावह हादसे का रूप ले लिया. कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 28 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में दमकल व राहत दल मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में जुट गए. इस घटना ने एक बार फिर चीन में औद्योगिक सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
दोपहर में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, आग दोपहर करीब 12 बजे फैक्ट्री में लगी और कुछ ही समय में कई मंजिलों तक फैल गई. आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि अंदर मौजूद कई कर्मचारी बाहर निकलने का मौका नहीं पा सके. हादसे के बाद चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए संयुक्त कार्य दल को जिंजियांग रवाना किया. राहत एजेंसियां लगातार आग पर काबू पाने, फंसे लोगों की तलाश और घायलों के इलाज में जुटी हुई हैं.
राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिए सख्त निर्देश
हादसे के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बचाव अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि घटना के कारणों की जल्द से जल्द जांच पूरी की जाए और जो भी इस हादसे के लिए जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जवाबदेही तय करना बेहद जरूरी है.
🇨🇳🔸A fire broke out at the Fujian Huiteng Shoes factory in the southeastern Chinese city of Jinjiang, resulting in injuries.
— Argonaut (@FapeFop90614) July 9, 2026
Authorities have not yet confirmed the death toll. pic.twitter.com/61qDe9jyXJ
आग की लपटों में फंसे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैलने के कारण फैक्ट्री के भीतर मौजूद कई लोग ऊपरी मंजिलों और छत पर फंस गए. कुछ लोग खिड़कियों के पास पहुंचकर मदद का इंतजार करते दिखाई दिए. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में इमारत से उठता घना धुआं और लोगों की जान बचाने की कोशिशें साफ नजर आ रही हैं. कई लोगों से संपर्क टूट जाने की भी खबर सामने आई थी, जिसके बाद राहत दलों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया.
पहले भी आग की घटनाओं से जूझ चुका है चीन
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब चीन पहले से ही बड़े अग्निकांडों को लेकर सतर्कता बढ़ाने का दावा कर चुका है. नवंबर 2025 में हांगकांग के कई टावर ब्लॉकों में लगी भीषण आग में 168 लोगों की मौत के बाद सरकार ने ऊंची इमारतों में अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान शुरू किया था. इसके बावजूद दिसंबर 2025 में ग्वांगडोंग प्रांत की एक रिहायशी इमारत में आग लगने से 12 लोगों की जान चली गई थी. अब जिंजियांग की जूता फैक्ट्री में हुआ यह हादसा दिखाता है कि औद्योगिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों को और अधिक सख्ती से लागू करने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें: ईरान पर अमेरिकी हमले से भारी तबाही, मशहद की रेल लाइन टूटी, बंदर अब्बास में भीषण धमाका