Rare Earth Metals: दुनिया की टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक वाहनों और हाई-एंड डिफेंस सिस्टम्स का आधार रेयर अर्थ मेटल्स हैं. स्मार्टफोन से लेकर मिसाइल डिफेंस तक, हर चीज़ में इन खनिजों की अहम भूमिका होती है. अब तक इस क्षेत्र में चीन का एकतरफा वर्चस्व रहा है. लेकिन हाल के घटनाक्रमों ने यह साबित कर दिया है कि चीन की इस मोनोपोली को चुनौती दी जा सकती है.
2025 में चीन द्वारा लगाए गए निर्यात प्रतिबंधों के बाद, जापान ने एक साहसिक कदम उठाया है, समुद्र की गहराई से रेयर अर्थ मेटल्स निकालने के लिए उसका विशाल शोध जहाज ‘चिक्यू’ (Chikyu) अब तैयार है. इस मिशन का महत्व सिर्फ तकनीकी उपलब्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वैश्विक सप्लाई चेन और भू-राजनीतिक समीकरणों को भी पूरी तरह बदल सकता है.
पाताल लोक से कीचड़ निकालने की चुनौती
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, जापान का टेस्ट वेसल टोक्यो से लगभग 1,900 किलोमीटर दूर मिनमिटोरी द्वीप की ओर बढ़ रहा है. जहाज का मिशन बेहद जटिल है, समुद्र की सतह से लगभग 6 किलोमीटर (4 मील) गहराई तक जाकर समुद्र तल में मौजूद कीचड़ को सतह पर लाना.
वैज्ञानिकों का अनुमान है कि समुद्र तल का यह कीचड़ दुर्लभ धातुओं (Rare Earth Metals) से भरपूर है. इस मिशन के दौरान यह पहली बार होगा कि इतनी गहरी समुद्री परत से लगातार कीचड़ निकालकर उसकी जांच की जाएगी. इस जहाज पर 130 लोगों की क्रू और रिसर्चर्स की टीम मौजूद है, जो 14 फरवरी तक इस मिशन को पूरा करके वापस लौटेगी.
टेक्नोलॉजी की रीढ़ पर चीन का दबदबा टूटा?
आज हमारे स्मार्टफोन, इलेक्ट्रिक कारें, हाई-एंड कंप्यूटिंग सिस्टम और रक्षा उपकरण, सबकी रीढ़ चीन द्वारा सप्लाई किए गए रेयर अर्थ मेटल्स पर टिकी है. हालांकि, बीजिंग ने हाल ही में जापान और पश्चिमी देशों को ब्लैकमेल करने के लिए इन खनिजों के निर्यात पर पाबंदी लगाई. चीन की यह रणनीति तकनीकी और आर्थिक दबाव बनाने की कोशिश थी.
जापान अब इस दबाव का जवाब देने के लिए समुद्र तल में खुद इन खनिजों को खोजने जा रहा है. अगर मिशन सफल होता है, तो यह ग्लोबल टेक्नोलॉजी सप्लाई चेन में चीन की दबंगई को चुनौती देने वाला कदम साबित हो सकता है.
सात साल की तैयारी और माउंट फूजी की प्रेरणा
जापान सरकार ने इस मिशन के लिए पिछले सात सालों से तैयारी की है. शोइची इशी, जो इस प्रोजेक्ट के प्रमुख हैं, कहते हैं कि जहाज के पोर्ट से रवाना होने के समय माउंट फूजी की बर्फीली चोटियां देखना उनके लिए बेहद भावुक करने वाला पल था.
उन्होंने कहा, “समुद्र तल से 6 किलोमीटर गहराई तक जाकर रिसोर्स निकालना तकनीकी रूप से सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है. यह सफलता जापान के रिसोर्स प्रोक्योरमेंट (Resource Procurement) के तरीकों को पूरी तरह बदल देगी.” यह मिशन जापान को न केवल टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बनाएगा बल्कि भविष्य में चीन पर निर्भरता घटाने में भी मदद करेगा.
चीन के बैन का जवाब
बीते हफ्ते ही चीन ने जापान की सेना और सिविलियन इस्तेमाल वाली “डुअल-यूज” चीज़ों और कुछ खास मिनरल्स के निर्यात पर रोक लगाई थी. जापानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन इस प्रतिबंध को और भी व्यापक करने की योजना बना रहा था. ऐसे में जापान का यह मिशन सिर्फ़ तकनीकी सफलता नहीं, बल्कि चीन के खिलाफ रणनीतिक पलटवार भी है.
वैश्विक टेक्नोलॉजी और भू-राजनीति में जापान की नई भूमिका
इस मिशन की सफलता न केवल जापान के लिए, बल्कि वैश्विक तकनीकी और राजनीतिक संतुलन के लिए भी ऐतिहासिक होगी. स्मार्टफोन, इलेक्ट्रिक वाहन और उन्नत रक्षा प्रणालियों में रेयर अर्थ मेटल्स की आपूर्ति अब चीन पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहेगी. जापान का यह कदम वैश्विक स्तर पर टेक्नोलॉजी और इनोवेशन में एक नया युग शुरू कर सकता है.
समुद्र की गहराई से निकले खनिज न सिर्फ आर्थिक लाभ देंगे, बल्कि जापान और मित्र देशों को चीन के दबदबे से मुक्त कर, नई ग्लोबल टेक्नोलॉजी सप्लाई चेन की नींव रखने में मदद करेंगे.
ये भी पढ़ें- DRDO ने फिर किया कमाल, एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल का सफल परीक्षण; दुश्मनों को लिए बनेगी काल