पहले दोस्ती, फिर ब्लैकमेलिंग करके लाखों रुपये की उगाही, रायपुर में हनीट्रैप का मामला आया सामने

Raipur Honey Trap Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से कथित हनीट्रैप का एक मामला सामने आया है. एक 54 वर्षीय व्यक्ति ने दो महिलाओं पर दोस्ती का फायदा उठाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगाया है.

chhattisgarh extortion lakhs of rupees through blackmail honey trap case come to light in Raipur
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Raipur Honey Trap Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से कथित हनीट्रैप का एक मामला सामने आया है. एक 54 वर्षीय व्यक्ति ने दो महिलाओं पर दोस्ती का फायदा उठाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगाया है. पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है.

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, बीरगांव गांधी नगर के रहने वाले 54 वर्षीय दुलीचंद कुम्हार की पहचान अशोक नगर श्मशान घाट इलाके में रहने वाली एक महिला से थी. शिकायत में बताया गया है कि 6 जनवरी 2026 को महिला ने उन्हें अपने घर बुलाया. वहां एक दूसरी महिला भी मौजूद थी. आरोप है कि दोनों ने उन्हें शराब पिलाई, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था.

बेहोशी में खींचीं तस्वीरें

पीड़ित का कहना है कि शराब पीने के कुछ समय बाद वह बेहोश हो गए. जब उन्हें होश आया तो उन्हें शक हुआ कि उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींची गई हैं. इसके बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंच गए. कुछ दिन बाद महिलाओं ने उन्हें फोन किया और कथित तौर पर उन्हीं तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.

बदनामी की धमकी देकर मांगे पैसे

शिकायत के अनुसार, महिलाओं ने तस्वीरें दिखाकर उन्हें धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो ये तस्वीरें उनकी पत्नी, बेटे, रिश्तेदारों और सोशल मीडिया पर भेज दी जाएंगी. बदनामी के डर से पीड़ित ने 8 जनवरी को पहली बार 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए. पीड़ित का आरोप है कि अगले करीब छह महीनों में उनसे कुल 2 लाख 17 हजार रुपये वसूले गए.

पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद गुढ़ियारी थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया और दोनों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें- वो 4 एक्शन, जिनसे घुटनों पर आया पाकिस्तान, पानी के लिए दुनिया के सामने बहाने लगा आंसू!