Chhattisgarh Board Result 2026: छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी हो गया है. विष्णुदेव साय ने आधिकारिक तौर पर नतीजों की घोषणा की. रिजल्ट के साथ ही इस साल के टॉपर्स के नाम भी सामने आ गए हैं.
अब छात्र बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं और डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं. लंबे इंतजार के बाद लाखों छात्रों को अपने परिणाम मिल गए हैं.
कहां और कैसे देखें रिजल्ट
छात्र अपना रिजल्ट cgbse.nic.in और results.cg.nic.in पर जाकर देख सकते हैं. इसके अलावा DigiLocker और UMANG ऐप पर भी रिजल्ट उपलब्ध है. इन प्लेटफॉर्म्स पर छात्र अपनी मार्कशीट आसानी से देख और डाउनलोड कर सकते हैं, जिससे आगे के एडमिशन में मदद मिलेगी.
10वीं के रिजल्ट में 3 टॉपर, शानदार प्रदर्शन
इस साल 10वीं बोर्ड में तीन छात्रों ने टॉप किया है. खास बात यह है कि इनमें दो छात्राएं और एक छात्र शामिल हैं. तीनों ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान पाया है.
अगर पासिंग प्रतिशत की बात करें तो इस साल 10वीं में कुल 77.15 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं. इसमें लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा. लड़कों का पास प्रतिशत करीब 72 फीसदी रहा, जबकि लड़कियों का 81 फीसदी तक पहुंच गया.
12वीं में जिज्ञासु वर्मा बने टॉपर
12वीं के नतीजों में इस साल कुल पास प्रतिशत 83.04 फीसदी रहा है. यहां भी लड़कियों ने बाजी मारी है. लड़कों का पास प्रतिशत 78.8 फीसदी रहा, जबकि लड़कियों का 86.4 फीसदी दर्ज किया गया.
बलौदाबाजार जिले के सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने 12वीं में टॉप किया है. दूसरे स्थान पर बेमेतरा जिले की आत्मानंद स्कूल की छात्रा ओमनी वर्मा रहीं, जबकि तीसरे स्थान पर कृष महंत का नाम आया है.
कब हुई थीं परीक्षाएं
छत्तीसगढ़ बोर्ड ने इस साल 10वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से 13 मार्च के बीच आयोजित की थीं. वहीं 12वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से 18 मार्च तक चली थीं. इस साल 10वीं परीक्षा में करीब 3.21 लाख छात्र शामिल हुए थे, जबकि 12वीं में लगभग 2.45 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी.
रिजल्ट देखने के लिए जरूरी वेबसाइट्स
छात्र अपने नतीजे देखने के लिए cgbse.nic.in, results.cg.nic.in, digilocker.gov.in और web.umang.gov.in का इस्तेमाल कर सकते हैं. इन सभी प्लेटफॉर्म्स पर रिजल्ट देखने की सुविधा दी गई है ताकि किसी एक वेबसाइट पर ज्यादा लोड न पड़े.
पिछले साल का कैसा रहा था रिजल्ट
अगर पिछले साल के रिजल्ट की बात करें तो 12वीं में कुल पास प्रतिशत 81.87 फीसदी रहा था. उस समय कांकेर के अखिल सेन ने टॉप किया था. वहीं 10वीं में पिछले साल कुल पास प्रतिशत 76.53 फीसदी रहा था. इस परीक्षा में इशिका बाला और नमन कुमार खुंटिया ने 99.17 प्रतिशत अंक के साथ टॉप किया था. इस बार के नतीजों में पास प्रतिशत और प्रदर्शन दोनों में हल्का सुधार देखने को मिला है.
छात्रों के लिए आगे का रास्ता
रिजल्ट आने के बाद अब छात्रों के सामने अगला बड़ा कदम है. 10वीं के छात्र अब अपनी पसंद के अनुसार स्ट्रीम चुनेंगे, जबकि 12वीं के छात्र कॉलेज और करियर की दिशा तय करेंगे.
ये भी पढ़ें- दूसरे चरण में भी पश्चिम बंगाल के 142 सीटों पर बंपर मतदान, दोपहर 1 बजे तक 61.11% वोटिंग