छठ का प्रसाद ठेकुआ बनाते समय इस दिशा में रखें चूल्हा, एक छोटी-सी गलती घर में ला सकती है नकारात्मकता!

Chhath Puja 2026: छठ महापर्व में प्रसाद की शुद्धता के साथ चूल्हे की दिशा का भी है खास महत्व, वास्तु शास्त्र के अनुसार दक्षिण-पूर्व दिशा में चूल्हा रखना माना जाता है शुभ, जानें प्रसाद बनाते समय किन नियमों का रखना चाहिए ध्यान.

chhath-puja-2026-vastu-rules-for-prasad-cooking-direction
Image Source: Social Media

Chhath Puja 2026: छठ महापर्व में जितना महत्व व्रत, पूजा और सूर्य को अर्घ्य देने का है, उतना ही जरूरी प्रसाद की शुद्धता और उसे तैयार करने के पारंपरिक नियमों का भी है. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में ठेकुआ, खीर और अन्य प्रसाद विशेष साफ-सफाई के साथ बनाए जाते हैं. मान्यता है कि छठ का प्रसाद नए मिट्टी के चूल्हे पर तैयार करना चाहिए. वहीं, वास्तु शास्त्र में चूल्हे की दिशा को भी खास महत्व दिया गया है. ऐसे में आइए जानते हैं कि छठ का प्रसाद बनाते समय चूल्हा किस दिशा में रखना शुभ माना जाता है.

दक्षिण-पूर्व दिशा में चूल्हा रखना माना जाता है शुभ

वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर की दक्षिण-पूर्व दिशा यानी अग्नि कोण को अग्नि देव का स्थान माना जाता है. इसी वजह से इस दिशा में चूल्हा स्थापित करना शुभ माना जाता है. छठ पूजा के दौरान प्रसाद बनाने के लिए भी मिट्टी का चूल्हा इसी दिशा में रखने की सलाह दी जाती है. मान्यता है कि इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि बनी रहती है. इसके अलावा प्रसाद बनाने वाले व्यक्ति का मुख पूर्व दिशा की ओर होना चाहिए, क्योंकि पूर्व दिशा को सूर्य देव की दिशा माना गया है.

इन दिशाओं में चूल्हा रखने से करें परहेज

वास्तु मान्यताओं के मुताबिक, छठ का प्रसाद बनाते समय चूल्हे और खाना पकाने वाले व्यक्ति की दिशा का ध्यान रखना चाहिए. दक्षिण दिशा की ओर मुख करके प्रसाद बनाना उचित नहीं माना जाता है. वहीं, पश्चिम दिशा की ओर मुख करके खाना पकाने को भी शुभ नहीं माना गया है. इसके अलावा उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण में चूल्हा स्थापित करने से बचने की सलाह दी जाती है. वास्तु में इस दिशा को जल और देवताओं से संबंधित माना गया है, इसलिए यहां अग्नि तत्व स्थापित करना वास्तु दोष का कारण माना जाता है.

नए मिट्टी के चूल्हे पर ही तैयार करें छठ का प्रसाद

छठ पूजा में प्रसाद बनाने के लिए नए मिट्टी के चूल्हे का इस्तेमाल करने की परंपरा है. मान्यता है कि इस चूल्हे पर केवल पूजा का प्रसाद ही तैयार किया जाना चाहिए. सामान्य दिनों में जिस चूल्हे पर प्याज, लहसुन या अन्य तामसिक भोजन बनाया जाता है, उसका इस्तेमाल छठ का प्रसाद बनाने के लिए नहीं करना चाहिए. यदि किसी अन्य धातु के चूल्हे का उपयोग किया जा रहा है, तो उसे अच्छी तरह साफ करके शुद्ध करने की परंपरा निभाई जाती है.

आम की लकड़ी और साफ-सफाई का रखें विशेष ध्यान

छठ का प्रसाद तैयार करने के लिए मिट्टी के चूल्हे में आम की सूखी लकड़ियों का इस्तेमाल करना पवित्र और शुभ माना जाता है. चूल्हा रखने वाली जगह को भी पहले अच्छी तरह साफ करना चाहिए. पारंपरिक रूप से इस स्थान को मिट्टी या गोबर से लीपकर और गंगाजल छिड़ककर शुद्ध किया जाता है. प्रसाद बनाने वाले व्यक्ति को स्नान करने के बाद साफ-सुथरे कपड़े पहनने चाहिए. इस दौरान रसोई और आसपास की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना जरूरी माना जाता है.

प्रसाद बनाते समय इन बातों का भी रखें ध्यान

छठ पूजा के प्रसाद की शुद्धता बनाए रखने के लिए उसे तैयार करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. प्रसाद बनने से पहले उसे चखने से बचना चाहिए और जूठे हाथों से उसे छूना भी उचित नहीं माना जाता है. बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी प्रसाद तैयार होने तक इन नियमों का ध्यान रखने के लिए कहना चाहिए. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पूरी श्रद्धा, स्वच्छता और सात्विकता के साथ बनाया गया प्रसाद छठी मैया और सूर्य देव को अर्पित किया जाता है.

ये भी पढ़ें- मंगल का सिंह राशि में महागोचर, जानें 4 महीने तक किन राशियों की चमकेगी किस्मत और किन्हें रहना होगा सावधान?