शाहजहांपुर: कुरान और पैगंबर के विरुद्ध सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के बाद शाहजहांपुर में भारी बवाल मच गया था. इस दौरान थाने पर उग्र प्रदर्शन और तोड़फोड़ करने वाले करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है. वहीं, विवादित पोस्ट डालने और उसे आगे बढ़ाने वालों की सूची भी पुलिस ने तैयार कर ली है.
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने सोमवार को बताया कि सदर चौकी इंचार्ज शिवम अग्रवाल की तहरीर पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कथित पत्रकार के.के. दीक्षित ने कुरान और पैगंबर के विरुद्ध अमर्यादित पोस्ट डाली थी. इसके कुछ ही समय बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा
एसपी ने बताया कि गिरफ्तारी के बावजूद रात करीब नौ बजे एक समुदाय के लोग सदर बाजार थाने पर जुट गए और नारेबाजी करते हुए थाने में घुसने की कोशिश करने लगे. इस दौरान उपद्रवियों ने दोपहिया वाहनों में तोड़फोड़ भी की. भीड़ को शांत कराने के लिए समुदाय के कुछ नेताओं ने प्रयास भी किया, लेकिन उपद्रवी मानने को तैयार नहीं हुए. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. इसके बाद भीड़ लाल इमली चौराहे पर जाकर जाम लगाकर बैठ गई. काफी मशक्कत के बाद देर रात लोग घरों को लौटे.
शाहजहांपुर: कुरान और पैगंबर पर आपत्तिजनक पोस्ट के बाद
— Bharat 24- UP/UK (@Bharat24Up) September 15, 2025
बवाल, 200 अज्ञात पर केस दर्ज#Shahjahanpur #SocialMediaMisuse #LawAndOrder #UttarPradesh #Bharat24Digital@shahjahanpurpol @Uppolice pic.twitter.com/3UEeAbo1OZ
उपद्रवियों की पहचान के लिए टीम गठित
एसपी द्विवेदी ने बताया कि उपद्रवियों की पहचान के लिए टीम गठित की गई है. वायरल वीडियो, पुलिस रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों को चिह्नित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
पुलिस ने 200 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2) (बलवा), 54 (उकसाना), 57 (मौके पर मौजूदगी), 324/5 (संपत्ति को नुकसान), 126 (मार्ग अवरुद्ध करना), 132 (सरकारी कार्य में बाधा) और 7 (समूह द्वारा आपराधिक कार्य) के तहत रिपोर्ट दर्ज की है.
वही मामले में एसपी ने जनता से अपील की कि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर जाति, धर्म अथवा व्यक्तिगत टिप्पणी न करे और न ही ऐसी पोस्ट डाले जिससे साम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़े. उन्होंने बताया कि शहर में फिलहाल स्थिति शांत है, लेकिन ऐहतियातन चौराहों-तिराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है.