CBSE Admit Card 2026 Out: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) से पढ़ाई कर रहे कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए परीक्षा से पहले एक बेहद जरूरी अपडेट सामने आया है. बोर्ड ने साल 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. परीक्षा की तैयारी में जुटे लाखों छात्रों के लिए यह दस्तावेज सबसे अहम होता है, क्योंकि एडमिट कार्ड के बिना न तो परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा और न ही परीक्षा में बैठने की अनुमति होगी. ऐसे में छात्रों और अभिभावकों दोनों को अब अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है.
CBSE की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होने जा रही हैं. परीक्षा की तारीख नजदीक आते ही बोर्ड ने एडमिट कार्ड जारी कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है. हर साल की तरह इस बार भी बोर्ड ने एडमिट कार्ड ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराए हैं, लेकिन छात्रों को यह सीधे डाउनलोड करने की सुविधा नहीं दी गई है.
स्कूलों के जरिए मिलेगा CBSE एडमिट कार्ड 2026
CBSE ने साफ किया है कि कक्षा 10वीं और 12वीं के एडमिट कार्ड केवल स्कूल प्रशासन के माध्यम से ही छात्रों तक पहुंचेंगे. छात्र खुद किसी भी वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर सकते. इसके लिए स्कूलों को बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल पर लॉग इन करना होगा और वहां से छात्रों के हॉल टिकट डाउनलोड कर उन्हें वितरित करना होगा. इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते अपने स्कूल से संपर्क बनाए रखें और एडमिट कार्ड मिलने की पुष्टि कर लें.
परीक्षा संगम पोर्टल पर अपलोड हुए हॉल टिकट
बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं के एडमिट कार्ड ‘परीक्षा संगम पोर्टल’ पर अपलोड किए हैं. यह पोर्टल खासतौर पर स्कूलों और परीक्षा से जुड़े प्रशासनिक कार्यों के लिए बनाया गया है. स्कूलों के अधिकृत अधिकारी अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड की मदद से इस पोर्टल पर लॉग इन कर सकते हैं और छात्रों के एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. इसके बाद इन एडमिट कार्ड पर स्कूल की मुहर और साइन करके छात्रों को दिए जाएंगे.
परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड की जांच क्यों है जरूरी?
एडमिट कार्ड मिलने के बाद छात्रों को इसे सिर्फ संभालकर रखना ही नहीं, बल्कि हर जानकारी को ध्यान से जांचना भी बेहद जरूरी है. इसमें छात्र का नाम, रोल नंबर, जन्मतिथि, परीक्षा केंद्र का नाम और पूरा पता, सेंटर कोड, विषयों के नाम और उनके कोड के साथ-साथ परीक्षा की तारीख और समय जैसी जानकारियां दर्ज होती हैं. अगर इनमें से किसी भी जानकारी में गलती पाई जाती है, तो परीक्षा के दिन परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
गलती मिलने पर तुरंत करें स्कूल से संपर्क
अगर किसी छात्र को अपने एडमिट कार्ड में नाम की स्पेलिंग, फोटो, विषय या परीक्षा केंद्र से जुड़ी कोई भी त्रुटि नजर आती है, तो उसे बिना देर किए अपने स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी देनी चाहिए. स्कूल संबंधित गलती को बोर्ड के माध्यम से ठीक करवाएगा. समय रहते सुधार न होने की स्थिति में छात्र को परीक्षा केंद्र पर दिक्कत हो सकती है, इसलिए इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
परीक्षा की तैयारी के साथ सतर्कता भी जरूरी
अब जब बोर्ड परीक्षा की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है, तो छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ सभी जरूरी दस्तावेजों पर भी ध्यान देना होगा. एडमिट कार्ड, स्कूल आईडी और जरूरी स्टेशनरी पहले से तैयार रखें, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की हड़बड़ी न हो. सही योजना और सतर्कता के साथ छात्र न सिर्फ परीक्षा को आत्मविश्वास के साथ दे पाएंगे, बल्कि अनावश्यक तनाव से भी बच सकेंगे.
ये भी पढ़ें: सरकारी टीचर बनने का गोल्डन चांस! इस राज्य में कई पदों पर निकली वैकेंसी, यहां पढ़ें पूरी डिटेल्स