देशभर में दिवाली का त्योहार बीत चुका है, लेकिन उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर दीपों और मशालों की रोशनी देखने को मिलेगी. यहां दिवाली के कुछ दिनों बाद भी एक खास लोकपर्व मनाने की परंपरा है, जिसे बूढ़ी दिवाली या इगास-बग्वाल कहा जाता है. इस मौके पर लोग घरों में दीप जलाते हैं, पारंपरिक पकवान बनाते हैं और देवदार या चीड़ की लकड़ियों से बनी मशालें जलाकर लोकगीतों पर नाचते-गाते हैं.
साल 2026 में उत्तराखंड का इगास-बग्वाल पर्व 20 नवंबर, शुक्रवार को मनाया जाएगा. यह मुख्य रूप से गढ़वाल और कुमाऊं के कुछ इलाकों में लोकप्रिय है. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के निरमंड और सिरमौर समेत कई पहाड़ी क्षेत्रों में भी बूढ़ी दिवाली मनाने की अलग-अलग परंपराएं हैं.
क्यों मनाई जाती है बूढ़ी दिवाली?
बूढ़ी दिवाली मनाने के पीछे कई लोककथाएं और मान्यताएं प्रचलित हैं. सबसे लोकप्रिय मान्यता भगवान राम के अयोध्या लौटने से जुड़ी है. कहा जाता है कि जब भगवान राम 14 साल का वनवास पूरा करके रावण का वध करने के बाद अयोध्या लौटे, तो उनकी वापसी की खुशी में पूरे देश में दीप जलाकर दिवाली मनाई गई. लोकमान्यता के अनुसार, उस समय पहाड़ी इलाके दुर्गम थे और अयोध्या में हुए उत्सव की खबर वहां पहुंचने में कई दिन लग गए. जब पहाड़ों के लोगों को भगवान राम के लौटने की सूचना मिली, तब उन्होंने दीप जलाकर और उत्सव मनाकर अपनी दिवाली मनाई. चूंकि यह त्योहार बाकी देश की दिवाली के बाद मनाया गया, इसलिए इसे बूढ़ी दिवाली कहा जाने लगा.
माधो सिंह भंडारी की वापसी से भी जुड़ी है कहानी
उत्तराखंड में इगास-बग्वाल को लेकर एक दूसरी लोककथा वीर योद्धा माधो सिंह भंडारी से भी जुड़ी है. मान्यता है कि करीब 400 साल पहले टिहरी के राजा महीपति शाह ने माधो सिंह भंडारी को अपनी सेना के साथ तिब्बत में युद्ध के लिए भेजा था. कहा जाता है कि जब दिवाली का त्योहार आया, तब माधो सिंह भंडारी और उनकी सेना वापस नहीं लौटी थी. ऐसे में लोगों ने उनकी वापसी तक उत्सव नहीं मनाया. लोककथा के मुताबिक, दिवाली के करीब 11 दिन बाद जब माधो सिंह भंडारी अपनी सेना के साथ लौटे, तो उनकी वापसी की खुशी में गांव वालों ने दीप जलाए और जश्न मनाया. इसी घटना को कुछ लोग इगास-बग्वाल की परंपरा की शुरुआत से जोड़ते हैं.
मशालें जलाकर खेला जाता है भैलो
बूढ़ी दिवाली की सबसे खास पहचान पारंपरिक मशालें हैं. उत्तराखंड में इन्हें भैलो कहा जाता है. इन्हें आमतौर पर चीड़ की लकड़ी या अन्य स्थानीय लकड़ियों से तैयार किया जाता है. पर्व के दिन लोग इन मशालों को जलाकर एक जगह इकट्ठा होते हैं और उन्हें घुमाते हुए लोकगीत गाते हैं. कई गांवों में ढोल-दमाऊ की थाप पर पारंपरिक नृत्य किया जाता है. घरों में पकवान बनाए जाते हैं और कुछ क्षेत्रों में पशुधन की पूजा भी होती है. अलाव के आसपास बैठकर लोग एक-दूसरे के साथ त्योहार की खुशियां बांटते हैं. यही परंपराएं बूढ़ी दिवाली को पहाड़ों की संस्कृति और सामूहिक उत्सव से जोड़ती हैं. इस तरह बूढ़ी दिवाली सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड और हिमाचल के पहाड़ी समाज की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामुदायिक मेल-जोल का भी प्रतीक है.
यह भी पढ़ें: मंदिर में भजन-आरती के बीच मना ‘हनुमान अंश’ की सफलता का जश्न, कार्तिक आर्यन भी पहुंचे