Brown University Shooting: अमेरिका में एक बार फिर कैंपस हिंसा की भयावह तस्वीर सामने आई है. रोड आइलैंड राज्य की प्रतिष्ठित ब्राउन यूनिवर्सिटी में शनिवार को अचानक हुई फायरिंग ने छात्रों, शिक्षकों और पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. इस हिंसक घटना में कम से कम दो लोगों की जान चली गई, जबकि आठ अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है. गोलीबारी के बाद यूनिवर्सिटी परिसर को तुरंत सील कर दिया गया और हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
यह घटना ब्राउन यूनिवर्सिटी के इंजीनियरिंग और फिजिक्स विभाग की इमारतों के पास हुई, जहां उस समय बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे. अचानक गोलियों की आवाज सुनते ही लोग इधर-उधर भागने लगे. प्रोविडेंस के मेयर ब्रेट स्माइली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यूनिवर्सिटी ने जारी किया इमरजेंसी अलर्ट
स्थानीय समयानुसार शाम करीब 4:15 बजे ब्राउन यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आपातकालीन चेतावनी जारी की. छात्रों और कर्मचारियों को तुरंत अपने-अपने स्थानों पर सुरक्षित रहने, दरवाजे बंद करने, लाइट बंद रखने और मोबाइल फोन साइलेंट करने के निर्देश दिए गए. शुरुआती संदेश में इसे “एक्टिव शूटर” की स्थिति बताया गया और कहा गया कि जान बचाने के लिए अंतिम विकल्प के तौर पर हर जरूरी कदम उठाएं. कुछ समय बाद यूनिवर्सिटी की ओर से यह सूचना दी गई कि संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है, लेकिन थोड़ी देर बाद यह संदेश वापस ले लिया गया. प्रशासन ने साफ किया कि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और हमलावर अब भी फरार है.
Updated look at Thayer and Waterman. At least 2 killed, 8 seriously hurt after shooting at Brown University, according to Providence mayor. @NBC10 pic.twitter.com/0LOfWDXTKV
— Mike Cerullo (@MikeCerulloTV) December 13, 2025
संदिग्ध को लेकर पुलिस की जानकारी
प्रोविडेंस पुलिस के डिप्टी चीफ टिम ओहारा ने बताया कि संदिग्ध एक पुरुष है, जिसने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे. वह पैदल ही घटनास्थल से भाग निकला. पुलिस के अनुसार, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वह इमारत के भीतर कैसे पहुंचा, लेकिन उसे होप स्ट्रीट की ओर जाते हुए देखा गया. फिलहाल संदिग्ध की कोई तस्वीर या पुख्ता पहचान सामने नहीं आई है. पुलिस ने यह भी बताया कि अभी तक कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, हालांकि यह तय है कि गोलीबारी में बंदूक का इस्तेमाल किया गया था. हथियार के प्रकार को लेकर जांच जारी है.
राष्ट्रपति ट्रंप की प्रतिक्रिया
इस सनसनीखेज घटना पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि उन्हें ब्राउन यूनिवर्सिटी में हुई फायरिंग की जानकारी दी गई है और एफबीआई की टीम मौके पर मौजूद है. बाद में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संदिग्ध अभी पुलिस की गिरफ्त में नहीं है, क्योंकि यूनिवर्सिटी पुलिस ने पहले जारी किया गया बयान संशोधित किया था.
कैंपस में दहशत, छात्र घंटों तक छिपे रहे
घटना के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस और आसपास के इलाकों में डर का माहौल बना रहा. छात्र-छात्राएं कक्षाओं, लैब्स और हॉस्टल्स में घंटों तक छिपे रहे. सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अपील की कि जब तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रित न हो जाए, तब तक इलाके में न आएं.
एक बार फिर गन कंट्रोल पर उठे सवाल
ब्राउन यूनिवर्सिटी की यह घटना अमेरिका में लगातार बढ़ती फायरिंग की घटनाओं की कड़ी में एक और भयावह अध्याय बन गई है. बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने कैंपस सुरक्षा और गन कंट्रोल कानूनों पर एक बार फिर गंभीर बहस छेड़ दी है.
यह भी पढ़ें: शेख हसीना के कट्टर दुश्मन उस्मान हादी पर फायरिंग, कुछ घंटे पहले ही शेयर किया था ग्रेटर बांग्लादेश का नक्शा