BRO Recruitment 2026: सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. सीमा सड़क संगठन (BRO) ने जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स (GREF) भर्ती 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 899 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. खास बात यह है कि इस बार 10वीं और 12वीं पास उम्मीदवारों को भी आवेदन का मौका दिया गया है. BRO द्वारा जारी यह भर्ती अभियान तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के पदों के लिए है.
कई पदों पर होगी भर्ती
BRO की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक ड्राफ्ट्समैन, हिंदी टाइपिस्ट, स्टोर कीपर टेक्निकल, ऑपरेटर संचार, ऑपरेटर एक्सकैवेटिंग मशीनरी और इलेक्ट्रीशियन जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी. हर पद के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी अनुभव तय किया गया है.
इस भर्ती में तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के साथ-साथ सामान्य शिक्षा प्राप्त उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे. यही वजह है कि भर्ती का नोटिफिकेशन सामने आते ही सोशल मीडिया और कोचिंग संस्थानों में इसकी चर्चा तेज हो गई है.
ड्राफ्ट्समैन पद के लिए क्या है योग्यता?
ड्राफ्ट्समैन पद के लिए उम्मीदवार का विज्ञान विषय के साथ 12वीं पास होना जरूरी है. इसके अलावा उम्मीदवार के पास आर्किटेक्चर या ड्राफ्ट्समैनशिप में दो साल का सर्टिफिकेट होना चाहिए. जिन उम्मीदवारों के पास ड्राफ्ट्समैन (सिविल) ट्रेड का प्रमाण पत्र और संबंधित क्षेत्र में अनुभव है, उन्हें भी आवेदन का अवसर दिया गया है. इस पद पर तकनीकी समझ और ड्रॉइंग स्किल को काफी अहम माना गया है.
हिंदी टाइपिस्ट और स्टोर कीपर के लिए मौका
हिंदी टाइपिस्ट पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना अनिवार्य है. साथ ही कंप्यूटर पर हिंदी टाइपिंग की गति कम से कम 30 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए. वहीं स्टोर कीपर टेक्निकल पद के लिए भी 12वीं पास योग्यता रखी गई है. उम्मीदवार को इंजीनियरिंग उपकरणों, वाहन पार्ट्स और स्टोरेज सिस्टम की जानकारी होना जरूरी होगा.
10वीं पास उम्मीदवारों के लिए भी बड़ा अवसर
BRO भर्ती 2026 में 10वीं पास युवाओं को भी सरकारी नौकरी पाने का शानदार मौका दिया गया है. ऑपरेटर संचार पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है. इसके साथ ITI से वायरलेस ऑपरेटर या रेडियो मैकेनिक का सर्टिफिकेट होना चाहिए.
ऑपरेटर एक्सकैवेटिंग मशीनरी पद के लिए उम्मीदवार के पास भारी वाहन, डोजर या एक्सकेवेटर चलाने का वैध लाइसेंस होना चाहिए. इसके अलावा कम से कम 6 महीने का अनुभव भी जरूरी रखा गया है.
इलेक्ट्रीशियन पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उनके पास ITI से ऑटो इलेक्ट्रिशियन का सर्टिफिकेट और कम से कम एक साल का कार्य अनुभव होना चाहिए.
उम्र सीमा और आरक्षण में राहत
सभी पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है. आयु की गणना 1 जून 2026 के आधार पर की जाएगी. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
सरकारी कर्मचारियों को अधिकतम 40 वर्ष तक की आयु सीमा का लाभ मिलेगा, जबकि SC/ST वर्ग के सरकारी कर्मचारियों के लिए यह सीमा 45 वर्ष तक रखी गई है. इसके अलावा दिव्यांग उम्मीदवारों को ऊपरी आयु सीमा में 10 साल की अतिरिक्त छूट दी जाएगी.
कितनी मिलेगी सैलरी?
BRO की इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन दिया जाएगा. ड्राफ्ट्समैन पद पर नियुक्त उम्मीदवारों को 5200 से 20200 रुपये तक वेतन और 2800 रुपये ग्रेड पे मिलेगा. वहीं हिंदी टाइपिस्ट, स्टोर कीपर टेक्निकल, ऑपरेटर और इलेक्ट्रीशियन जैसे पदों पर 5200 से 20200 रुपये तक वेतन के साथ 1900 रुपये ग्रेड पे दिया जाएगा. इसके अलावा सरकारी नियमों के अनुसार अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा.
ये भी पढ़ें: SBI Recruitment 2026: अप्रेंटिस के सात हजार से ज्यादा पदों पर निकली वैकेंसी, जानें कौन कर सकता है अप्लाई