SBI Recruitment 2026: अप्रेंटिस के सात हजार से ज्यादा पदों पर निकली वैकेंसी, जानें कौन कर सकता है अप्लाई

SBI Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. State Bank of India ने देशभर में 7,150 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है.

SBI Recruitment 2026 for 7150 Apprentice Posts check details
Image Source: Internet

SBI Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. State Bank of India ने देशभर में 7,150 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. ऑनलाइन आवेदन 19 मई से शुरू हो चुके हैं और इच्छुक उम्मीदवार 8 जून तक आवेदन कर सकते हैं. खास बात यह है कि किसी भी विषय से ग्रेजुएशन कर चुके उम्मीदवार इस भर्ती में हिस्सा ले सकते हैं, जिससे लाखों युवाओं के लिए यह शानदार अवसर बन गया है.

SBI की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक यह भर्ती अलग-अलग राज्यों के लिए निकाली गई है. उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. बैंक ने साफ कहा है कि अंतिम तारीख निकलने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को आवेदन का मौका नहीं मिलेगा, इसलिए उम्मीदवारों को समय रहते फॉर्म भरने की सलाह दी गई है.

किसी भी स्ट्रीम के ग्रेजुएट कर सकते हैं आवेदन

इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें किसी विशेष विषय की अनिवार्यता नहीं रखी गई है. यानी आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स या किसी भी अन्य स्ट्रीम से ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. इससे बड़ी संख्या में युवाओं के लिए बैंकिंग सेक्टर का रास्ता खुल गया है.

हालांकि भर्ती में एक महत्वपूर्ण शर्त भी रखी गई है. ऑनलाइन परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को उस राज्य की स्थानीय भाषा की परीक्षा भी देनी होगी, जहां से उन्होंने आवेदन किया है. उम्मीदवार को संबंधित भाषा पढ़ना, लिखना, बोलना और समझना आना जरूरी होगा. जो अभ्यर्थी इस परीक्षा में सफल नहीं होंगे, उन्हें अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा.

उम्र सीमा और आवेदन शुल्क की पूरी जानकारी

SBI अप्रेंटिस भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के तहत आयु सीमा में छूट दी जाएगी. आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 300 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं एससी, एसटी और PwBD वर्ग के अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा.

ऑनलाइन परीक्षा के जरिए होगा चयन

चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन लिखित परीक्षा के आधार पर होगी. परीक्षा ऑब्जेक्टिव टाइप होगी, जिसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा के लिए कुल एक घंटे का समय दिया जाएगा. इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी. हर गलत उत्तर पर एक चौथाई अंक काट लिया जाएगा. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे जल्दबाजी में जवाब देने से बचें और सोच-समझकर प्रश्नों का उत्तर दें.

इन विषयों से पूछे जाएंगे सवाल

ऑनलाइन परीक्षा में सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी भाषा, गणित और रीजनिंग से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे. उम्मीदवारों को समय प्रबंधन के साथ तैयारी करने की सलाह दी गई है, क्योंकि सीमित समय में ज्यादा प्रश्न हल करना सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा.

ये भी पढ़ें: पहले दिया WFH का निर्देश, फिर आए छंटनी के ईमेल... इस कंपनी ने 8000 कर्मचारियों को निकाला, जानें पूरा मामला