BRICS Summit: भारत में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन से पहले चीन ने बड़ा ऐलान किया है. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत आएंगे. करीब सात साल बाद होने वाली उनकी यह भारत यात्रा इसलिए भी अहम है, क्योंकि इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात होने की उम्मीद है. चीन के विदेश मंत्रालय ने शी जिनपिंग की भारत यात्रा की आधिकारिक पुष्टि कर दी है.
At the invitation of Prime Minister of the Republic of India Narendra Modi, President Xi Jinping will attend the 18th BRICS Summit in New Delhi from September 12 to 13. pic.twitter.com/abKPwOyqRm
— CHINA MFA Spokesperson 中国外交部发言人 (@MFA_China) September 10, 2026
सात साल बाद भारत आएंगे शी जिनपिंग
शी जिनपिंग आखिरी बार 2019 में भारत आए थे, जब उन्होंने तमिलनाडु के मामल्लपुरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अनौपचारिक शिखर बैठक की थी. उस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-चीन संबंधों और द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई थी. इससे पहले शी जिनपिंग 2016 में गोवा में आयोजित BRICS सम्मेलन में शामिल होने भारत पहुंचे थे. सितंबर 2014 में उन्होंने पहली बार भारत का दौरा किया था.
मोदी-शी मुलाकात पर दुनिया की नजर
शी जिनपिंग का भारत दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब पिछले कुछ वर्षों में सीमा विवाद के कारण भारत और चीन के रिश्तों में तनाव देखने को मिला है. हालांकि, हाल के समय में दोनों देशों के बीच संबंधों को सामान्य करने के लिए विभिन्न स्तरों पर बातचीत और प्रयास हुए हैं. ऐसे में BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग की संभावित मुलाकात को दोनों देशों के रिश्तों की आगे की दिशा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
BRICS में वैश्विक मुद्दों पर होगी चर्चा
नई दिल्ली में होने वाले BRICS सम्मेलन का एजेंडा भी काफी अहम रहने वाला है. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच सदस्य देशों के नेता वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा कर सकते हैं. इसके अलावा वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा जैसे मुद्दे भी बातचीत के केंद्र में रहने की उम्मीद है. विकासशील देशों की भूमिका बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार जैसे विषयों पर भी BRICS मंच से चर्चा हो सकती है.
पहले भी हो चुकी है दोनों नेताओं की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग की इससे पहले कई अहम मौकों पर मुलाकात हो चुकी है. 2014 में शी जिनपिंग अपनी पहली भारत यात्रा पर आए थे, जबकि 2016 में उन्होंने गोवा BRICS सम्मेलन में हिस्सा लिया था. इसके बाद 2019 में मामल्लपुरम में दोनों नेताओं की अनौपचारिक शिखर बैठक हुई थी. अब करीब सात साल बाद शी जिनपिंग के भारत आने से एक बार फिर दोनों नेताओं की मुलाकात पर खास नजर रहेगी.
ये भी पढ़ें- BRICS Summit के लिए दिल्ली तैयार, NSG कमांडो और 25 हजार जवान तैनात, 35 रूट पर डायवर्जन, जानें सबकुछ