लालू परिवार को बड़ा झटका, IRCTC केस में 9 लोगों के खिलाफ तय किए आरोप, जानें पूरा मामला

IRCTC होटल टेंडर से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू प्रसाद यादव के परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने गुरुवार को पूर्व रेल मंत्री लालू यादव, तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी समेत कुल 9 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए.

lalu-yadav-irctc-hotel-tender-money-laundering-case-charges
Image Source: Social Media

IRCTC होटल टेंडर से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू प्रसाद यादव के परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने गुरुवार को पूर्व रेल मंत्री लालू यादव, तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी समेत कुल 9 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए. अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 3 अक्टूबर की तारीख तय की है. हालांकि, कोर्ट ने 7 आरोपियों को मामले में आरोपमुक्त भी कर दिया है.

लालू यादव की भूमिका पर कोर्ट ने जताया संदेह

अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा नहीं लगता कि लालू यादव के खिलाफ जांच किसी राजनीतिक प्रभाव में की गई थी. कोर्ट के मुताबिक, लारा प्रोजेक्ट्स को जिस तरह कथित तौर पर फायदा पहुंचा, उससे लालू यादव की भूमिका को लेकर संदेह पैदा होता है. अदालत ने यह भी कहा कि पूर्व रेल मंत्री द्वारा अपने पद के दुरुपयोग का मजबूत संदेह है. मामले में लालू परिवार के अलावा सरला गुप्ता, लारा प्रोजेक्ट्स और सुजाता होटल्स समेत अन्य लोग और संस्थाएं भी आरोपी हैं.

7 आरोपियों को मिली राहत

राउज एवेन्यू कोर्ट ने जहां 9 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए, वहीं 7 लोगों और एक कंपनी को आरोपों से मुक्त कर दिया. आरोपमुक्त किए गए लोगों में गौरव गुप्ता, नाथ मल ककरानिया, राहुल यादव, विजय त्रिपाठी और देवकी नंदन तुलस्यान शामिल हैं. इसके अलावा राजीव कुमार रेलन और मेसर्स अभिषेक फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड को भी मामले में आरोपों से राहत मिली है.

2004 से 2009 के बीच का है मामला

यह मामला 2004 से 2009 के बीच का है, जब लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे. आरोप है कि उस दौरान रांची और पुरी स्थित IRCTC के दो होटलों के रखरखाव और संचालन का ठेका नियमों की अनदेखी करते हुए सुजाता होटल्स को दिया गया था. ईडी का आरोप है कि कथित भ्रष्टाचार के बदले पटना की एक कीमती बेनामी जमीन सरला गुप्ता के जरिए बेहद कम कीमत पर राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की कंपनी लारा प्रोजेक्ट्स को ट्रांसफर की गई थी. अब आरोप तय होने के बाद मामले में ट्रायल आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है.

ये भी पढ़ें: Bihar: बिहार में बड़ा हादसा, हाजीपुर में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरा, 7 मजदूर घायल, 3 की हालत गंभीर