Toxic Yash Fees: रॉकिंग स्टार यश एक बार फिर अपने दमदार अंदाज में सुर्खियों में हैं. 8 जनवरी को रिलीज हुए उनकी अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक’ के टीजर ने आते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया. करीब 2 मिनट 51 सेकंड के इस टीजर में जबरदस्त एक्शन, खून-खराबा और डार्क टोन देखने को मिला, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट कई गुना बढ़ा दी. टीजर की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज के सिर्फ 24 घंटे के अंदर ही इसे अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर करीब 200 मिलियन व्यूज मिल चुके थे.
टीजर के बाद अब चर्चा का विषय फिल्म की स्टारकास्ट और उनकी फीस बन गई है. ‘टॉक्सिक’ में यश के साथ कई बड़ी और चर्चित एक्ट्रेसेस नजर आने वाली हैं, जिनमें नयनतारा, कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया शामिल हैं. सभी कलाकारों के फर्स्ट लुक पहले ही सामने आ चुके हैं और खास बात यह है कि यश की यह ‘गर्ल गैंग’ बिल्कुल नए और बदले हुए अंदाज में दिखाई दे रही है.
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी है ‘टॉक्सिक’
फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास कर रही हैं, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए कास्टिंग बेहद सोच-समझकर की है. टीजर देखकर साफ है कि यह फिल्म सिर्फ स्टार पावर पर नहीं, बल्कि कंटेंट और विजुअल ट्रीट पर भी पूरा जोर देने वाली है. यही वजह है कि ‘टॉक्सिक’ को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त माहौल बना हुआ है.
19 मार्च 2026 को होगी रिलीज, होगा बड़ा क्लैश
‘टॉक्सिक’ को 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. दिलचस्प बात यह है कि इसी दिन रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ भी रिलीज हो रही है. ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच बड़ा बॉक्स ऑफिस क्लैश देखने को मिलेगा. इस टक्कर से दोनों फिल्मों को कुछ नुकसान हो सकता है, लेकिन असली असर रिलीज के बाद ही सामने आएगा.
यह भी खास बात है कि ‘टॉक्सिक’ में यश सिर्फ एक्टर ही नहीं, बल्कि बतौर प्रोड्यूसर भी जुड़े हुए हैं. यानी यह डील केवल फीस तक सीमित नहीं है, बल्कि माना जा रहा है कि यश फिल्म में प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल पर भी काम कर रहे हैं.
‘टॉक्सिक’ के लिए किसने ली सबसे ज्यादा फीस?
तीन साल बाद KGF 2 के बाद यश बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं और इस फिल्म को लेकर उम्मीदें भी उतनी ही बड़ी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ के लिए यश ने करीब 50 करोड़ रुपये की फीस ली है. यह उनकी अब तक की सबसे बड़ी फीस में से एक मानी जा रही है.
वहीं, फिल्म में नादिया का किरदार निभा रहीं कियारा आडवाणी को इस प्रोजेक्ट के लिए करीब 15 करोड़ रुपये मिले हैं. नयनतारा, जो साउथ की सबसे बड़ी स्टार्स में गिनी जाती हैं, उन्होंने फिल्म के लिए करीब 12 से 18 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं.
फिल्म में अहम भूमिका निभा रहीं रुक्मिणी वसंत को लगभग 3 से 5 करोड़ रुपये की फीस मिली है, और उनका फर्स्ट लुक भी दर्शकों को काफी पसंद आया है. इसके अलावा हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया को भी इस फिल्म के लिए करीब 2 से 3 करोड़ रुपये फीस मिलने की खबर है.
300 से 500 करोड़ के बजट में बन रही है फिल्म
‘टॉक्सिक’ को लेकर कहा जा रहा है कि इसका कुल बजट करीब 300 से 500 करोड़ रुपये के बीच है. इतने बड़े स्केल और स्टारकास्ट को देखते हुए यह रकम हैरान करने वाली नहीं लगती. तुलना करें तो यश की पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्म KGF 2 के लिए उन्होंने करीब 20 से 30 करोड़ रुपये फीस ली थी, लेकिन ‘टॉक्सिक’ के साथ उनकी फीस में साफ तौर पर बड़ा उछाल देखने को मिला है.
यश के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक
टीजर की जबरदस्त प्रतिक्रिया, दमदार स्टारकास्ट, भारी-भरकम बजट और यश की पैन-इंडिया लोकप्रियता को देखते हुए ‘टॉक्सिक’ को उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है.
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ के साथ होने वाले क्लैश के बीच ‘टॉक्सिक’ बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है. फिलहाल इतना तय है कि रॉकिंग स्टार यश ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनकी फिल्मों का बज और स्केल रिलीज से पहले ही माहौल बनाने के लिए काफी है.
ये भी पढ़ें- क्या अमेरिकी सैनिकों के सामने टिक पाएगा डेनमार्क? जानें ग्रीनलैंड पर कब्जा करने को लेकर ट्रंप क्यों हो रहे उतावले