आजकल के स्मार्टफोन में ब्लूटूथ का इस्तेमाल हर किसी के लिए आम बात हो चुका है. चाहे ईयरबड्स से कनेक्ट करना हो, फाइल शेयर करनी हो या फिर किसी अन्य डिवाइस से जुड़ना हो, ब्लूटूथ हमेशा ऑन रहता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ब्लूटूथ का बेवजह ऑन रहना आपकी प्राइवेसी के लिए एक बड़ा खतरा बन सकता है? साइबर ठग आपके इस लापरवाही का फायदा उठाकर आपकी बैंकिंग जानकारी तक चुरा सकते हैं. आइए जानते हैं कि ब्लूटूथ को बेवजह ऑन रखना कैसे साइबर ठगों के लिए फायदेमंद और आपके लिए खतरनाक साबित हो सकता है.
साइबर ठगों के खेल का तरीका
ब्लूटूथ का सबसे बड़ा खतरा तब सामने आता है जब आप पब्लिक जगहों पर होते हैं, जैसे मॉल, ट्रेन, बस या भीड़-भाड़ वाले बाजार में. यहां साइबर ठग खास तरीके से आपके फोन का डेटा चुराने की कोशिश कर सकते हैं. जब आपका ब्लूटूथ ऑन रहता है, तो वे आपकी डिवाइस को पहचान कर एक पेयरिंग रिक्वेस्ट भेज सकते हैं. यदि आप बिना सोचे-समझे उसे स्वीकार कर लेते हैं, तो वे आपके फोन में घुसकर आपकी निजी जानकारी, बैंकिंग डिटेल्स और अन्य संवेदनशील डेटा चुरा सकते हैं.
अगर साइबर ठग आपके बैंक डिटेल्स तक पहुंच जाते हैं, तो वे आपके अकाउंट को खाली कर सकते हैं. इस तरह की ठगी को ब्लूजैकिंग, ब्लूस्नार्फिंग या ब्लूबगिंग कहा जाता है. ब्लूस्नार्फिंग का मतलब है कि हैकर बिना किसी सूचना के आपके फोन का डेटा चुराता है, और ब्लूबगिंग के जरिए वह आपके फोन का कंट्रोल भी ले सकता है. यह सारी गतिविधियां आमतौर पर भीड़-भाड़ वाली जगहों पर होती हैं, जहां साइबर ठग विशेष सॉफ्टवेयर और डिवाइस का उपयोग करके आपके फोन को डिटेक्ट करते हैं और फिर पेयरिंग रिक्वेस्ट भेजते हैं.
ब्लूटूथ से सुरक्षित रहने के उपाय
काम खत्म होते ही ब्लूटूथ बंद कर दें: यदि आपने ब्लूटूथ का इस्तेमाल खत्म कर लिया है, तो उसे तुरंत बंद कर दें. ऐसा करने से आपके फोन की जानकारी किसी के हाथ में नहीं जाएगी.
पब्लिक प्लेस में ब्लूटूथ बंद रखें: जब आप सार्वजनिक स्थानों पर हों, तो अपने ब्लूटूथ को बंद रखना हमेशा बेहतर होता है. इससे आपके फोन को किसी भी अनजान डिवाइस से कनेक्ट होने का खतरा नहीं होगा.
अनजान डिवाइस से पेयरिंग रिक्वेस्ट न स्वीकारें: अगर आपको किसी अनजान डिवाइस से पेयरिंग रिक्वेस्ट आती है, तो उसे कभी भी स्वीकार न करें. यह आपके फोन की सुरक्षा के लिए खतरनाक हो सकता है.
ब्लूटूथ को नॉन-डिस्कवरेबल मोड में रखें: अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर ब्लूटूथ को नॉन-डिस्कवरेबल मोड पर रखें. इस मोड में आपका डिवाइस अन्य लोगों को नजर नहीं आएगा और आपकी जानकारी चुराने की संभावना कम हो जाएगी.
ये भी पढ़ें: Apple लवर्स हो जाइए तैयार! 2026 में लॉन्च होगा पहला फोल्डेबल आईफोन, सामने आई बड़ी डिटेल्स