9 लाख का कर्ज लेकर चुका दिए 30 लाख, फिर फाइनेंस कंपनी मांग रही 1.25 करोड़, आखिर क्या है पूरा माजरा?

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कर्ज लेकर खेती करने वाला एक किसान अब खुद ही कर्ज के दलदल में फंस गया है.. 9 लाख रुपये का कर्ज लेकर शुरू हुई यह कहानी अब 1 करोड़ 24 लाख रुपये के भारी-भरकम बकाये तक जा पहुंची है.

Bijnor farmer loan fraud Dhara Finance Company complaint
प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo: Internet

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कर्ज लेकर खेती करने वाला एक किसान अब खुद ही कर्ज के दलदल में फंस गया है.. 9 लाख रुपये का कर्ज लेकर शुरू हुई यह कहानी अब 1 करोड़ 24 लाख रुपये के भारी-भरकम बकाये तक जा पहुंची है. किसान का आरोप है कि एक फाइनेंस कंपनी ने न केवल उसे आर्थिक रूप से तबाह किया, बल्कि उसकी जमीन भी हड़प ली. अब किसान ने जिले के एसपी से न्याय की गुहार लगाई है.

9 लाख का लोन, चुका दिए 30 लाख रुपये

बिजनौर के गोपालपुर निवासी किसान हरवीर सिंह ने बताया कि साल 2014 में उन्होंने ‘धारा फाइनेंस कंपनी’ से 9 लाख रुपये का कर्ज लिया था. कर्ज के बदले 8 बीघा जमीन गिरवी रखी गई थी. हरवीर के अनुसार, उन्होंने 2019 तक 30 लाख रुपये तक चुका दिए, फिर भी कंपनी का कर्ज खत्म नहीं हुआ. उल्टा, कंपनी अब उनसे 1.24 करोड़ रुपये और मांग रही है.

ब्याज का खेल या फर्जीवाड़ा?

हरवीर सिंह का आरोप है कि कंपनी ने बेहद मनमाने तरीके से ब्याज वसूला और धोखे से उसकी जमीन अपने नाम करवा ली. बाद में उस जमीन को बेच भी दिया गया. किसान का कहना है कि वह पूरी तरह टूट चुका है. जमीन बिक गई, पैसा चला गया, लेकिन कर्ज का बोझ जस का तस है.

एसपी से शिकायत, जांच के आदेश

किसान ने इस मामले की शिकायत बिजनौर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा से की है. एसपी ने इसे गंभीर मामला मानते हुए जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि फाइनेंस कंपनी के लेन-देन की टैक्स और राजस्व विभाग से भी जांच कराई जाएगी, ताकि यह साफ हो सके कि कहीं किसी प्रकार की अवैध वसूली या फर्जीवाड़ा तो नहीं हुआ. इस पूरे विवाद पर जब धारा फाइनेंस कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर गजेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा, "यह मामला अदालत में विचाराधीन है, और जो भी निर्णय कोर्ट देगी, वह हमें मान्य होगा."

ये भी पढ़ें: '55 टुकड़ों में काट दूंगी..', पत्नी ने दी जान से मारने की धमकी, डर के मारे पति ने जाने दिया बॉयफ्रेंड के साथ