BPSC TRE-4: बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है. बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी टीआरई-4 के आवेदन को लेकर नई तारीख बताई है. अब अभ्यर्थी 21 सितंबर 2026 से आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, आयोग ने इस तारीख को अभी संभावित बताया है, इसलिए इसमें बदलाव भी हो सकता है.
बीपीएससी ने मंगलवार, 1 सितंबर को जारी नोटिस में बताया कि विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत टीआरई-4 के आवेदन की प्रक्रिया जरूरी बदलाव करने के बाद 21 सितंबर से शुरू होने की संभावना है. आयोग की ओर से संशोधित विज्ञापन भी जारी किया जाएगा.
पहले 1 सितंबर से शुरू होना था आवेदन
टीआरई-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन पहले 1 सितंबर से शुरू होने थे, लेकिन 31 अगस्त को बीपीएससी ने प्रक्रिया में बदलाव का हवाला देते हुए आवेदन की तारीख टाल दी थी. आयोग ने कहा था कि जल्द ही नई तारीख की जानकारी दी जाएगी. अब एक दिन बाद ही संभावित नई तारीख सामने आ गई है.
तारीख टलने के बाद अभ्यर्थियों के बीच परीक्षा में देरी को लेकर चिंता बढ़ गई थी. हालांकि, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को कहा कि अभ्यर्थियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है और वे अपनी तैयारी जारी रखें. उन्होंने कहा कि बीपीएससी पारदर्शी तरीके से भर्ती परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है.
सीटीईटी अभ्यर्थियों को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं
टीआरई-4 में सीटीईटी की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा या नहीं, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है. सीटीईटी अपीयरिंग अभ्यर्थी मांग कर रहे हैं कि उन्हें भी आवेदन करने का मौका दिया जाए.
उनका कहना है कि जब एसटीईटी अपीयरिंग अभ्यर्थियों को मौका दिया जा रहा है, तो सीटीईटी अभ्यर्थियों को भी शामिल किया जाना चाहिए. फिलहाल अभ्यर्थियों को बीपीएससी की ओर से जारी होने वाले संशोधित विज्ञापन और आधिकारिक तारीख का इंतजार करना होगा.
ये भी पढ़ें- कल फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली-UP से बिहार तक भारी बारिश, 17 राज्यों में अलर्ट