Bihar: स्वास्थ्य विभाग के कई पदों पर निकलीं भर्तियां, अप्लाई करने से पहले जान लें ये चीजें

Bihar Government Hospital Vacancy 2025: बिहार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार (SHS Bihar) ने नेत्र सहायक (Ophthalmic Assistant) के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं.

Bihar Recruitment for many posts in Health Department know these things before applying
Image Source: Freepik

Bihar Government Hospital Vacancy 2025: बिहार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार (SHS Bihar) ने नेत्र सहायक (Ophthalmic Assistant) के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. यह नियुक्ति राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत राज्य के विभिन्न अस्पतालों में की जाएगी.

भर्ती का नोटिफिकेशन जारी हो चुका है और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 14 अगस्त 2025 से सुबह 10 बजे शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 अगस्त 2025 शाम 6 बजे तक तय की गई है. इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 220 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. इनमें अनारक्षित वर्ग के लिए सर्वाधिक पद रखे गए हैं. इसके अलावा EWS, SC, ST, OBC और महिला अभ्यर्थियों को भी आरक्षण का लाभ मिलेगा.

शैक्षणिक योग्यता

इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 10 2 (इंटरमीडिएट) परीक्षा में बायोलॉजी या गणित विषय से पास होना चाहिए. इसके बाद किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से नेत्र सहायक (Ophthalmic Assistant) में दो साल का डिप्लोमा होना आवश्यक है. वैकल्पिक रूप से, जिन उम्मीदवारों ने सरकारी अस्पताल में दो वर्षों तक नेत्र सहायक के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त किया हो, वे भी पात्र हैं.

आयु सीमा

आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए. अधिकतम आयु सीमा श्रेणी के अनुसार तय की गई है. सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुषों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष, पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 40 वर्ष तथा अनुसूचित जाति और जनजाति के पुरुष एवं महिलाएं 42 वर्ष तक आवेदन कर सकते हैं. बिहार की निवासी महिलाओं के लिए भी अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई है.

चयन प्रक्रिया

इस भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के माध्यम से किया जाएगा. परीक्षा में कुल 100 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जो सामान्य ज्ञान, रीजनिंग, न्यूमेरिकल एबिलिटी और तकनीकी ज्ञान से संबंधित होंगे. परीक्षा की अवधि 2 घंटे की होगी. खास बात यह है कि इसमें नेगेटिव मार्किंग नहीं की जाएगी.

वेतनमान

चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह ₹15,000 का एकमुश्त मानदेय दिया जाएगा. यह नियुक्ति संविदा (Contractual) आधार पर की जा रही है.

आवेदन शुल्क

सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के उम्मीदवारों को ₹500 आवेदन शुल्क देना होगा. बिहार के अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों, सभी वर्गों की महिलाओं (बिहार निवासी) और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क ₹125 निर्धारित किया गया है.

आवेदन से जुड़ी अहम तिथियां

ऑनलाइन आवेदन शुरू: 14 अगस्त 2025, सुबह 10 बजे से

आवेदन की अंतिम तिथि: 28 अगस्त 2025, शाम 6 बजे तक

आवेदन करने और नोटिफिकेशन डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थी SHS बिहार की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं.

महत्वपूर्ण सूचना: यह भर्ती संविदा पर आधारित है और चयन पूरी तरह से मेरिट के आधार पर CBT परीक्षा द्वारा होगा. किसी भी भ्रम से बचने के लिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले विस्तृत अधिसूचना जरूर पढ़ लें.

यह भी पढ़ें- ट्रंप के टैरिफ का मिलेगा करारा जवाब! PM Modi करेंगे आज बड़ी बैठक, लिए जा सकते हैं ये फैसले