Saran Drowning Incidents: होली के दिन (4 मार्च) बिहार के सारण जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए दर्दनाक हादसों ने त्योहार की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया. एक ओर बनियापुर थाना क्षेत्र में नदी में डूबने से एक किशोर की जान चली गई, तो वहीं गड़खा थाना क्षेत्र में पोखर में डूबने से एक महिला की मौत हो गई. इन दोनों घटनाओं के बाद इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बनियापुर में नदी में डूबने से किशोर की मौत
बनियापुर थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव में 17 वर्षीय सागर शाह की नदी में डूबने से मौत हो गई. सागर, अशोक साह का पुत्र था और होली के दिन दोस्तों के साथ रंग खेलने के बाद नदी में स्नान करने गया था. बताया जा रहा है कि उसके साथ तीन अन्य दोस्त भी मौजूद थे.
नहाने के दौरान सागर अचानक गहरे पानी में चला गया और खुद को संभाल नहीं सका. उसके दोस्तों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद सागर को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
गड़खा में पोखर में डूबने से महिला की जान गई
दूसरी घटना गड़खा थाना क्षेत्र के अलोनी पोखर की है, जहां 55 वर्षीय महिला रामझरी देवा की डूबने से मौत हो गई. वह अलोनी सर्रगटी गांव की रहने वाली थीं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला किसी काम से पोखर के पास गई थीं.
इसी दौरान किसी कारणवश उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में गिर गईं, जिससे यह हादसा हो गया. आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचित किया गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
दोनों घटनाओं से क्षेत्र में शोक का माहौल
होली जैसे खुशियों भरे पर्व पर हुई इन दोनों दुखद घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. जहां एक परिवार ने अपने जवान बेटे को खो दिया, वहीं दूसरे परिवार में भी मातम पसरा हुआ है. फिलहाल, संबंधित थाना पुलिस दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और घटनाओं के कारणों की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- श्रीलंका तट के पास ईरानी जहाज पर सबमरीन अटैक, 100 से ज्यादा लापता, 78 घायल