Iranian Ship Attack: श्रीलंका के तट से दूर समुद्र में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां एक ईरानी जहाज पर कथित पनडुब्बी हमले के बाद भारी नुकसान हुआ है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस घटना में कम से कम 101 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि 78 लोग घायल हुए हैं. यह जानकारी श्रीलंका की नौसेना और रक्षा मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के हवाले से सामने आई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब ईरानी फ्रिगेट ‘आईरिस डेना’ श्रीलंका के क्षेत्रीय जल से कुछ दूरी पर मौजूद था.
हमले के बाद जहाज को गंभीर क्षति पहुंची और वह डूबने की स्थिति में आ गया. जहाज पर कुल लगभग 180 लोग सवार थे. अब तक बचाव टीमों द्वारा करीब 30 से 35 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. श्रीलंका की नौसेना ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया, जिसमें घायल लोगों को रेस्क्यू कर दक्षिणी क्षेत्र के अस्पतालों में भर्ती कराया गया. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है.
समुद्र में तलाशी अभियान तेज
लापता लोगों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. नौसेना के जहाजों और हेलीकॉप्टरों की मदद से समुद्र में खोजबीन जारी है. खराब मौसम और समुद्री परिस्थितियां इस अभियान में चुनौती पैदा कर रही हैं.
ईरान में नेतृत्व को लेकर हलचल
इस घटना के बीच ईरान की आंतरिक राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है. एक वीडियो संदेश में एक अधिकारी ने बताया कि देश में नेतृत्व को लेकर कोई संकट नहीं है. फिलहाल लीडरशिप काउंसिल शासन संभाल रही है और जल्द ही नए सुप्रीम लीडर के नाम का ऐलान किया जा सकता है.
हिज्बुल्लाह का दावा, इजरायल पर हमला
वहीं, क्षेत्रीय तनाव के बीच हिज्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसने इजरायल को निशाना बनाया है. संगठन के अनुसार, मंगलवार रात उसने सेंट्रल इजरायल में एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के मुख्यालय पर ड्रोन हमला किया. इसके अलावा एक ड्रोन कंट्रोल बेस पर मिसाइल दागने की भी बात कही गई है.
बढ़ता क्षेत्रीय तनाव
समुद्री हमले और इसके साथ ही मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य गतिविधियों ने पूरे क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा दिया है. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में हालात और जटिल हो सकते हैं, खासकर जब कई देश इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.
ये भी पढ़ें- जो भी बनेगा, उसे नहीं बख्शेंगे... ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोज्तबा खामेनेई पर इजराइल की सख्त चेतावनी