तेज प्रताप को बड़ा झटका, लालू यादव ने 6 साल के लिए पार्टी से निकाला, परिवार से भी किया बेदखल

लालू प्रसाद यादव ने एक ऐसा फैसला लिया है जिसने पूरे सियासी गलियारों को चौंका दिया है. उन्होंने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को न सिर्फ पार्टी से बाहर कर दिया, बल्कि परिवार से भी नाता तोड़ लिया है. 

bihar lalu yadav expels elder son Tej Pratap from the party rjd
Image Source: Social Media

Tej Pratap Yadav expulsion: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने एक ऐसा फैसला लिया है जिसने पूरे सियासी गलियारों को चौंका दिया है. उन्होंने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को न सिर्फ पार्टी से बाहर कर दिया, बल्कि परिवार से भी नाता तोड़ लिया है. 

6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित

लालू यादव ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है कि, "निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमज़ोर करता है. ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है. अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूँ. अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी. उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है."

"संबंध रखने स्वविवेक से निर्णय लें"

उन्होंने आगे लिखा कि, "अपने निजी जीवन का भला-बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है. उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें. लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूं. परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है."

क्या है मामला?

तेज प्रताप यादव ने बीते दिन सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के ज़रिए अपने रिलेशनशिप का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि वे पिछले 12 वर्षों से अनुष्का यादव के साथ रिश्ते में हैं और अब वो इसे सबके सामने लाना चाहते हैं. इस पोस्ट में उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड की तस्वीर भी साझा की और लिखा कि "मैं तेज प्रताप यादव और  मेरे साथ इस तस्वीर में जो दिख रही हैं उनका नाम अनुष्का यादव है! हम दोनों पिछले 12 सालों से एक दूसरे को जानते है और प्यार भी करते हैं हमलोग पिछले 12 सालों से एक रिलेशनशिप में रह रहें हैं. मैं बहुत दिनों से आप लोगों से यह बात कहना चाहता था पर समझ नहीं आ रहा था कैसे कहूं. इसलिए आज इस पोस्ट के माध्यम से अपने दिल का बात आप सब के बीच रख रहा हूं! आशा करता हू आपलोग मेरी बातों समझेंगे."

तेज प्रताप ने दी सफाई

पोस्ट के वायरल होने के बाद तेज प्रताप ने एक और बयान जारी कर सफाई दी कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया है और उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की गई है. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की. उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है कि, "मेरे सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म को हैक एवं मेरे तस्वीरों को गलत तरीके से एडिट कर मुझे और मेरे परिवार वालों को परेशान और बदनाम किया जा रहा है. मैं अपने सुभचिंतको और फॉलोवर्स से अपील करता हूं कि वे सतर्क रहें और किसी भी अफ़वाह पर ध्यान न दें."

ये भी पढ़ें: हैक हो गया विश्वास मत कीजिए, क्यों तेज यादव ने फेसबुक से पोस्ट को किया डिलीट? बताया सच