Rohtas News: बिहार के रोहतास जिले में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की शादी अपने ही दोस्त से करा दी. यह घटनाक्रम दिनारा थाना क्षेत्र का है, जहां एक तरफ जहां सामाजिक परंपराओं और रिश्तों के बीच जटिलता बढ़ी, वहीं दूसरी ओर एक पंचायत ने इस मामले को हल करने का प्रयास किया. इस घटनाक्रम ने न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी हलचल मचा दी.
हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद फैसला
इस पूरे मामले की शुरुआत शुक्रवार की सुबह हुई जब हनुमान मंदिर परिसर में एक अनोखी शादी संपन्न हुई. लेकिन इससे पहले रातभर एक हाई वोल्टेज ड्रामा चला. सब कुछ उस समय शुरू हुआ जब एक युवक अपने दोस्त की पत्नी से मिलने उसके घर पहुंचा और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया गया. इस घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और युवक की पिटाई की. इसके बाद पंचायत बुलाने का फैसला लिया गया, ताकि मामले का समाधान निकाला जा सके.
पंचायत ने क्या फैसला लिया?
पंचायत ने काफी देर तक मामले की सुनवाई की और अंत में आपसी सहमति से इसका हल निकाला. रातभर चली पंचायत के बाद यह निर्णय लिया गया कि महिला और उसके प्रेमी की शादी करवा दी जाए. यह निर्णय लिया गया कि अगर वे दोनों साथ रहना चाहते हैं, तो उन्हें सामाजिक रूप से स्वीकार कर लिया जाएगा. इसके बाद, अगले दिन शुक्रवार की सुबह दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित हनुमान मंदिर में दोनों की शादी रचाई गई. सबसे दिलचस्प बात यह रही कि इस पल का गवाह खुद महिला का पति बना.
दिल्ली में शुरू हुई प्रेम कहानी
बताया जा रहा है कि महिला की शादी जून 2021 में नटवार थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी. शादी के बाद दोनों दिल्ली में रहने लगे थे, जहां महिला के पति का एक दोस्त भी वहीं रहता था. इस दौरान, दोनों मित्रों के बीच आना-जाना बढ़ा और धीरे-धीरे वह दोस्त महिला के प्रति आकर्षित हो गया.
विश्वासघात और पति का दर्द
महिला का एक पांच साल का बेटा भी है, जो अपने माता-पिता के बीच इस पूरे घटनाक्रम से प्रभावित हुआ. कुछ महीनों पहले महिला अपने पति के साथ गांव आई थी, लेकिन बाद में वह गुजरात में काम करने चला गया. इस दौरान महिला ने दिनारा में अपने मायके जाने का फैसला किया. इस बीच, महिला के पति का दोस्त दिल्ली से वहां पहुंच गया और मौका पाकर उसने महिला से मुलाकात की. जब यह बात पति को पता चली, तो वह गुजरात से अपने गांव लौट आया और यह मामला पंचायत तक पहुंचा.
पति ने इस पूरी घटना पर कहा, "दोनों का बहुत दिनों से चक्कर था. मैं मना कर रहा था, लेकिन वे लोग नहीं मान रहे थे. पंचायत भी हुई थी, और मैं फिर भी पत्नी को रखने के लिए तैयार था, लेकिन वह तैयार नहीं थी. दोस्त था... विश्वासघात कर दिया."
ये भी पढ़ें: दुलारचंद हत्याकांड: मोकामा विधायक अनंत सिंह को पटना हाई कोर्ट से मिली जमानत, कब आएंगे जेल से बाहर?