Vijay Sinha News: बिहार सरकार ने साफ कर दिया है कि प्रशासनिक नाराजगी या असहजता के बावजूद जनता से जुड़े काम नहीं रुकेंगे. उपमुख्यमंत्री और भूमि राजस्व सुधार मंत्री विजय सिन्हा ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में लगाए जा रहे विशेष कैंपों को लेकर नाराज चल रहे अधिकारियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए दो टूक कहा है कि सरकार की प्राथमिकता केवल और केवल जनता की सेवा है.
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं है, लेकिन अगर जनहित के फैसलों से कोई असहज होता है तो सरकार उसे लेकर पीछे नहीं हटेगी.
जनता के लिए काम करेंगे, चाहे कुछ भी हो जाए" -vijay sinha pic.twitter.com/9APx1I2C9s
— Mukesh singh (@Mukesh_Journo) December 30, 2025
विशेष कैंपों पर उठे सवालों का जवाब
विजय सिन्हा ने कहा कि राजस्व और भूमि सुधार विभाग द्वारा आयोजित विशेष कैंप आम लोगों की जमीन, दाखिल-खारिज और अन्य राजस्व से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लगाए जा रहे हैं. अगर इन कैंपों से कुछ अधिकारी नाराज हैं तो सरकार इसकी चिंता नहीं करेगी.
उन्होंने साफ कहा, “मेरा काम जनता के लिए काम करना है, किसी को खुश करना या नाराज करना नहीं.” उनके इस बयान को यह संकेत माना जा रहा है कि सरकार अब विभागीय विरोध या आंतरिक असंतोष से प्रभावित हुए बिना फैसले लेगी.
सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर सख्ती
उपमुख्यमंत्री ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों को लेकर भी कड़ा रुख दिखाया. उन्होंने कहा कि कई जिलों से इस तरह की शिकायतें सामने आई हैं और सरकार ने इस पर स्पष्ट और सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है. विजय सिन्हा ने यह भी साफ किया कि अवैध कब्जों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में बिना दबाव के कार्रवाई जारी रहेगी.
बीमारी के बहाने पर तंज
बैठकों से पहले कुछ अधिकारियों द्वारा बीमारी का हवाला देने को लेकर पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा, “सबको स्वस्थ होना होगा, विभाग को स्वस्थ कर देंगे, सब स्वस्थ हो जाएगा.” इस बयान को विभागीय सुस्ती, टालमटोल और लापरवाही पर सीधा संदेश माना जा रहा है. सरकारी हलकों में इसे यह संकेत माना जा रहा है कि अब काम में ढिलाई या बहानेबाज़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- हिंद महासागर में भारत की बढ़ेगी ताकत, कार निकोबार एयर बेस हुआ अपग्रेड; जानें इसके मायने