Bihar Election LIVE Update: 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान, दोपहर 5 बजे तक 67.14% वोटिंग

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के तहत मंगलवार को मतदान शुरू हो गया है. इस चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं.

Bihar Election LIVE Update Voting begins Percentage
File Photo

Bihar Election Voting LIVE Update: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के तहत मंगलवार को मतदान शुरू हो गया है. इस चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है. चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह के शुरुआती घंटों में ही मतदान प्रतिशत में तेजी आई है.

इस चरण में राज्य के 20 जिलों के मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन कर रहे हैं. कुल 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता 122 सीटों के 1302 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे. इन प्रत्याशियों में 12 मौजूदा मंत्री भी शामिल हैं, जिनकी सियासी प्रतिष्ठा दांव पर है.

45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं

मुख्य निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इनमें से 4,109 बूथ को संवेदनशील या अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है. ऐसे बूथों पर शाम 4 बजे तक मतदान कराया जा रहा है, जबकि सामान्य बूथों पर शाम 6 बजे तक वोटिंग जारी रहेगी.

लाइव अपडेट...

 

5 बजे तक 67.14 प्रतिशत हुआ मतदान

पश्चिम चंपारण- 69.02
पूर्वी चंपारण- 69.31
शिवहर- 67.31
सीतामढ़ी- 65.29
मधुबनी- 61.79
सुपौल- 70.69
अररिया- 67.79
किशनानी- 76.26
पूर्णिया- 73.79
कटिहार- 75.23
भागलपुर- 66.03
बांका- 68.91
कैमूर (भभुआ)- 67.22
रोहतास- 60.69
जहानाबाद- 64.36
औरंगाबाद- 64.48
गया- 67.50
नवादा- 57.11
जमुई- 67.81

बिहार के किशन गंज सीट पर 76.26% वोटिंग

बिहार चुनाव वोटिंग लाइवः बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान हो रहा है. आकड़ों के मुताबिक दूसरे चरण में भी रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ है. 5 बजे तक 67.14 प्रतिशत वोटिंग हुई है. सबसे ज्यादा वोटिंग प्रतिशत की बात करें तो किशन गंज सीट पर 76.26%मतदान हुआ है. कटिहार में 75.23, पूर्णिया में 73.79 और सुपौल 70.69 प्रतिशत वोटिंग हुई है.

बिहार विधानसभा के दूसरे चरण में 3 बजे तक 60.40 प्रतिशत मतदान हुआ है.

पश्चिम चंपारण- 61.99
पूर्वी चंपारण- 61.92
शिवहर- 61.85
सीतामढ़ी- 58.32
मधुबनी- 55.53
सुपौल- 62.06
अररिया- 59.80
किशनानी- 66.10
पूर्णिया- 64.22
कटिहार- 63.80
भागलपुर- 58.37
बांका- 63.03
कैमूर (भभुआ)- 62.26
रोहतास-55.92
अरवल- 58.26
जहानाबाद- 58.72
औरंगाबाद- 60.59
गया- 62.74
नवादा- 53.17
जमुई- 63.33

मतदान करने के बाद बोलीं बीजेपी उम्मीदवार मैथिली ठाकुर

लोक गायिका एवं अलीनगर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने द्वितीय चरण के मतदान पर कहा, ‘मैंने मतदान कर लिया है. मैं अपने क्षेत्र के विकास के लिए वोट डालती हूं. मैं चाहती हूं कि देश हित में जो काम हो उसमें मैं अपना योगदान दे सकूं. उम्मीद से ज्यादा मुझे लोगों का प्यार और आशीर्वाद मिला. 14 तारीख को जो भी होगा वो हम सभी के लिए मान्य होगा.’

सासाराम में दोपहर तक 50% मतदान

सासाराम में दोपहर तक 50% के आसपास मतदान हो गया है. जिससे लग रहा है कि शाम तक बंपर वोटिंग हो जाएगी. रोहतास के डीएम उदिता सिंह और एसपी रौशन कुमार विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर रहे हैं. आवश्यक निर्देश भी दे रहे हैं. डीएम उदिता ने बताया कि- उन लोगों ने अलग-अलग स्तर पर अलग-अलग टीम बनाई है, जो तमाम व्यवस्थाओं पर नजर रखे हैं. चुनाव आयोग के तमाम निर्देशों का पालन किया जा रहा है. वहीं, एसपी रौशन कुमार ने बताया कि आठ लेवल का QRT गठित किया गया है, जो अपने स्तर से स्थिति को समीक्षा करते हुए कार्रवाई करती है. अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग टीम व्यस्त कर रही है. साथ ही पुलिस बल्कि जगह-जगह तैनाती है. उन्होंने निर्देशित किया गया है कि किसी भी मतदाता को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो तथा कानून सम्मत तमाम अधिकार मतदाताओं के लिए सुनिश्चित हो. उन्हें वोट देने के लिए घर से निकलने से लेकर मतदान केंद्र पर व्यवस्थित तरीके से मतदान करने तक प्रशासन की नजर है. उन्होंने अपील किया कि लोग घरों से निकले तथा ज्यादा संख्या में मतदान करें.

दोपहर 1 बजे तक 47.62% मतदान

दोपहर 1 बजे तक 47.62% मतदान हुआ है. जो पहले फेज से लगभग 6 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं मुस्लिम बाहुल किशनगंज में सबसे ज्यादा 51.86 फीसदी मतदान हुआ है.

दादा को कंधे लेकर वोट दिलाने लाया पोता

लोकतंत्र के महापर्व में कई तरह के खूबसूरत रंग देखने को मिल रहे हैं. पूर्णिया के धमदाहा विधानसभा क्षेत्र के गोकुलपुर मध्य विद्यालय में 90 से 100 वर्ष के उम्र के कई बुजुर्ग मिले जिन्हें बेटा और पोता ने कंधे पर टांग कर मतदान केंद्र लाया और उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस दौरान मतदान केंद्र पर मौजूद सेना के जवानों ने भी इन्हें काफी सहयोग किया. मतदाताओं ने कहा कि मतदान कर वे लोग काफी खुश हैं. उन्होंने लोगों से भी अपील किया कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें.

वोटिंग के बीच झड़प, हिरासत में लिए गए 14 लोग

नवादा जिले की वारसलीगंज के माफी और अब्दालपुर गांव में दो पक्षों में झड़प की घटना सामने आई. समर्थकों ने वोट करने से रोका, तो विवाद हो गया. जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में लिया. उधर, अरवल विधानसभा के मनेरी बीघा बूथ 189 पर मतदान के दौरान कर्मचारी की मौत हो गई. शिक्षक अरविंद कुमार की हार्ट अटैक की वजह से मौत हो गई.

हमारा रुझान 200 तक जाएगा.. भाजपा नेता अश्विनी कुमार

बिहार चुनाव वोटिंग लाइवः भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने कहा, “बिहार के तमाम लोगों से मैं अपील करना चाहता हूं कि ये लोकतंत्र का महान पर्व है इस महान पर्व को बड़ी खुशहाली से मनाए. सुबह से लोग कतार में लगे हुए हैं. मुझे लग रहा है कि NDA के पक्ष में मतदान हो रहा है. सभी लोग मतदान विकास के नाम पर, विकसित बिहार बनाने के नाम पर कर रहे हैं, NDA की सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा पीएम मोदी के मार्गदर्शन में और उनके हाथ को मतबूत करने के लिए लोग वोट कर रहे हैं…2010 के बाद 180 से ज्यादा हमारा रुझान बन रहा जो कि 200 तक जाएगा.”

भ्रष्टाचार को बंद करने के लिए हर एक वोट जरूरीः प्रशांत किशोर

जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, “बिहार में बदलाव के लिए, शिक्षा और रोजगार के लिए, पलायन बंद करने के लिए और भ्रष्टाचार को बंद करने के लिए हर एक वोट जरूरी है. सिर्फ गांवों में बैठकर बात करने से यह नहीं होगा. मतदान केंद्र पर जाकर सही व्यक्ति का चुनाव करें जिससे बिहार में बेहतरी हो… यह जनता का मौका है. आज अगर आप चूक गए तो आपको आगामी 5 वर्षों तक बद्तर स्थिति में जीना होगा… जाएं और सही व्यक्ति का चुनाव करें.”

पहले चरण की तुलना में 11 बजे तक 3% मतदान ज्यादा हुआ

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 11 बजे तक 27.65 % मतदान हुआ था. दूसरे चरण में 11 बजे तक 31.38 % मतदान हुआ है. पिछले चरण के मुकाबले करीब 3.73 % ज्यादा मतदान हुआ है.

65% से ज्यादा लोग मतदान करेंगेः प्रशांत किशोर

जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने द्वितीय चरण के मतदान पर कहा, “… बिहार के मतदाताओं ने प्रथम चरण में दिखाया है कि आजादी के बाद सबसे ज्यादा मतदान हुआ. आज चुनाव आयोग का जो आंकड़ा आया है उसके अनुसार प्रथम चरण से भी ज्यादा मतदान हो रहा है… मुझे विश्वास है कि आज 65% से ज्यादा लोग मतदान करेंगे और नया रिकॉर्ड बनेगा. ये मतदान बिहार में बेहतरी के लिए है, बिहार में बदलाव के लिए है… 14 तारीख के बाद बिहार में ऐसी व्यवस्था बने कि बिहार के किसी युवा को 10-12 हजार के लिए बिहार को छोड़कर बाहर नहीं जाना पड़े, इस बात के लिए मतदान हो रहा है… जो लोग चुनाव में शामिल होते हैं उनके आरोप-प्रत्यारोप चलते रहते हैं लेकिन हम लोग लोकतंत्र में भरोसा करने वाले लोग हैं… हम लोगों का विश्वास है कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हो जाएगा.”

ई-रिक्शा पर मतदान करने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ई-रिक्शा पर सवार होकर अपने परिवार के साथ पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंचे. 

NDA की सरकार बनने जा रहीः दिलीप जायसवाल

बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “पूरे बिहार में उत्सव का माहौल है. नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के विकास की बयार में मतदाता मतदान कर रहे हैं. फिर से एक बार NDA की सरकार बनाने के लिए यहां के मतदाता ने ठान लिया है. पूरे बिहार में NDA की सरकार बनने जा रही है. पूरे बिहार के मतदाता इसका मन बना लिए हैं.”

एनडीए 'बम-बम' हैः उपेंद्र कुशवाहा का बयान

जहां राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग हो रही है और महिलाएं वोटिंग करने में पुरुषों से कहीं आगे है. ऐसे में इस बार फिर से बिहार में NDA की सरकार बनने जा रही है. महिलाओं के बढ़े वोटिंग परसेंटेज यह बता रहा है कि यह पूरा वोट जो है सरकार के पक्ष में है. एनडीए और नीतीश कुमार के पक्ष में है. ऐसे में उन्होंने कहा कि एनडीए “बम-बम” है. पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी मतदाता घर से निकल रहे हैं और यह जो वोट है. वह एनडीए के पक्ष में है. उन्होंने कहा कि- 2010 का जो परिणाम आया था, इस बार का मतदाता उस रिकॉर्ड को भी तोड़ने जा रहा है.

सुबह 9 बजे तक 14.55 फीसदी वोटिंग

बिहार में सुबह 9 बजे तक 14.55 फीसदी वोटिंग, सबसे ज्यादा गयाजी में 15.97 परसेंट वोटिंग तो सबसे कम मधुबनी में 13.25 फीसदी वोटिंग, बाकी जिलों में भी वोटिंग जारी.

जीतनराम मांझी बोले- NDA के पक्ष में वोट दें...

बिहार चुनाव वोटिंग लाइवः बिहार: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान पर कहा, “लोगों से मेरी दिल से अपील है जिस प्रकार से आप लोगों ने 6 तारीख को मतदान किया आज उससे भी ज्यादा मतदान करें और NDA के पक्ष में मतदान करें… आज सड़कें अच्छी बन गई हैं, बिजली 24 घंटे आ रही है… अस्पताल में दवाइयां हैं, नहीं तो पहले जानवर बैठते थे… इससे अ्च्छी सरकार नहीं हो सकती है. हम जनता से अपील करते हैं कि खूब वोट दें और NDA के पक्ष में वोट दें.”

एनडीए उम्मीदवार श्रेयसी सिंह ने किया मतदान

जमुई सीट से भाजपा की एनडीए उम्मीदवार श्रेयसी सिंह अपने बूथ पर जाकर मतदान किया. श्रेयसी सिंह अपनी बहन मानसी सिंह के साथ झाझा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 120 उत्क्रमित मध्य विद्यालय नयागांव पहुंचकर मतदान किया. वोट डालने के पहले वह आम मतदाता की तरह लाइन में खड़ी दिखीं. मतदान के बाद श्रेयसी सिंह ने लोगों से अपील किया कि वह अपना वोट डालें साथ ही उन्होंने दावा किया है कि सरकार एनडीए की बन रही है, महागठबंधन पर हमला बोलते हुए श्रेयसी सिंह ने कहा कि उनमें आपसी तेल तालमेल नहीं है. श्रेयसी सिंह ने दिल्ली में आतंकियों द्वारा बम ब्लास्ट की भी निंदा की है.

कई बूथ पर ईवीएम मशीन खराब

पूर्णिया सदर विधानसभा के बूथ संख्या 89 पर ईवीएम मशीन खराब हो गई है. बांग्ला मध्य विद्यालय भट्ठा पोलिंग बूथ पर मशीन खराब हुई है. किशनगंज शहर के रूईधासा बूथ संख्या 329 पर ईवीएम खराब हो गई है. तो वहीं, सीतामढ़ी बूथ संख्या 293 की भी EVM खराब हो गई.

पीएम मोदी ने बिहारवासियों से मतदान की अपील की

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार चुनाव के लिए लोगों से मतदान की अपील की. उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा- विधानसभा चुनावों में आज दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग है. सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे इसमें बढ़-चढ़कर भागीदार बनें और मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं. पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के अपने नौजवान साथियों से मेरा विशेष आग्रह है कि वे खुद तो मतदान करें ही, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.

विचलित होने की जरूरत नहींः प्रशांत किशोर

पटना, बिहार: दिल्ली ब्लास्ट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, “चुनाव के समय में इस तरह की बातें यदा कदा होती रहती है. उससे बिहार के लोगों को विचलित होने की जरूरत नहीं है. बिहार का चुनाव है बिहार के मुद्दे पर वोट होना चाहिए. सुरक्षा के लिए बिहार और देश के लोगों ने संसद में लोगों को भेजा है. पक्ष-विपक्ष वहां है. राष्ट्रीय सुरक्षा देश का मामला है. सब लोग सरकार के साथ खड़े हैं. उचित कार्रवाई सरकार करेगी.”

ज्योति सिंह ने डाला अपना वोट

भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी और काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी ज्योति सिंह ने भी अपना वोट डाला. उनके मतदान के दौरान स्थानीय मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला.

वोट डालने के बाद ज्योति सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मैं जनता से माफी चाहती हूं क्योंकि प्रचार के दौरान हर जगह नहीं पहुंच सकी. मैं लोगों से निवेदन करती हूं कि मुझे सेवा का अवसर दें."

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

  • चुनाव आयोग ने दूसरे चरण को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा का अभेद्य जाल बिछाया है.
  • राज्य भर में चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं.
  • 1,650 केंद्रीय बलों की कंपनियां, जिसमें सीआरपीएफ, बीएसएफ, एसएसबी और सीआईएसएफ के जवान शामिल हैं, राज्यभर में तैनात हैं.
  • मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है.

भारत-नेपाल सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है ताकि बाहरी तत्व चुनाव प्रक्रिया में बाधा न डाल सकें. सीमा पर लगातार गश्त और वाहन जांच की जा रही है.

दिल्ली में लाल किले के पास हुई हालिया कार ब्लास्ट घटना को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियाँ अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं. गृह मंत्रालय ने बिहार और उसके सीमावर्ती राज्यों को विशेष निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.

महिलाओं और युवाओं में उत्साह

इस चरण में बड़ी संख्या में महिला मतदाता और पहली बार वोट डालने वाले युवा मतदान केंद्रों पर पहुँचे हैं. पटना, औरंगाबाद, गया, दरभंगा और सिवान जैसे जिलों में सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं. महिलाओं के लिए अलग कतारें और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है. कई जिलों में ‘पिंक बूथ’ यानी पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा संचालित केंद्र बनाए गए हैं.

कड़े मुकाबले और सियासी समीकरण

दूसरे चरण में कई हाईप्रोफाइल सीटों पर कांटे का मुकाबला है.

पटना, गया, औरंगाबाद, रोहतास, समस्तीपुर और दरभंगा जैसे जिलों की सीटों पर बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है.

सत्ताधारी दल एनडीए (भाजपा- जदयू) और विपक्षी गठबंधन महागठबंधन (राजद-कांग्रेस) के बीच सीधे मुकाबले की स्थिति है.

कई सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी मुकाबला दिलचस्प बना दिया है.

मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा की निगरानी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी जिलों में मतदान की रीयल टाइम निगरानी की जा रही है. राज्य निर्वाचन नियंत्रण कक्ष में लगातार रिपोर्ट ली जा रही है.

संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी हो रही है और मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है.