Samrat Choudhar News: बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर उपमुख्यमंत्री और गृह विभाग संभाल रहे सम्राट चौधरी ने अब तक का सबसे कड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राज्य में अपराध के लिए अब कोई जगह नहीं है. उनका कहना है कि जो लोग अपराध की राह पर हैं, उनके सामने सिर्फ दो ही रास्ते हैं, या तो अपराध छोड़ दें या फिर जेल जाने के लिए तैयार रहें.
एक सार्वजनिक कार्यक्रम में सम्राट चौधरी काफी सख्त नजर आए. उन्होंने कहा कि जो अपराधी बिहार में रहकर कानून तोड़ रहे हैं, उन्हें राज्य छोड़ देना चाहिए. यहां तक कि उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोग चाहें तो राज्य की सीमा पार कर नेपाल की तराई की ओर चले जाएं. उनका साफ संदेश था कि बिहार की जमीन पर अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं बचेगी.
सख्ती पर दी सफाई
अपनी सख्त कार्यशैली को लेकर होने वाली आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह जानबूझकर कड़ा रुख अपनाते हैं, क्योंकि बिहार में सुशासन जरूरी है. उनके मुताबिक जब तक आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा नहीं होगा, तब तक राज्य में विकास की रफ्तार नहीं बढ़ सकती. उन्होंने कहा कि भयमुक्त माहौल बनाना सरकार की प्राथमिकता है.
निवेश और रोजगार से जोड़ा कानून-व्यवस्था
सम्राट चौधरी ने कानून-व्यवस्था को सीधे तौर पर राज्य की अर्थव्यवस्था से जोड़ा. उन्होंने कहा कि बिहार में बड़े उद्योग लाने, निवेश बढ़ाने और युवाओं के लिए नौकरियां पैदा करने के लिए अपराध पर काबू पाना बेहद जरूरी है. उनके इस बयान के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चला सकती है और जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई और तेज होगी.
ये भी पढ़ें- हम उसके सामने सरेंडर नहीं करेंगे... उस्मान तारिक की गेंदबाजी को लेकर बोले सूर्यकुमार यादव, जानें क्या कहा