IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा. मैच से पहले सबसे ज्यादा चर्चा पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक को लेकर हो रही है. उनका गेंदबाजी एक्शन लगातार सुर्खियों में है और भारतीय बल्लेबाज पहली बार इस गेंदबाज का सामना करेंगे.
शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से इस बारे में सवाल पूछा गया. उन्होंने कहा कि उस्मान तारिक कोई “सिलेबस से बाहर” वाली चुनौती नहीं हैं. सूर्यकुमार के मुताबिक, “वह अलग तरह का गेंदबाज जरूर है, लेकिन हम उसके सामने सरेंडर नहीं करेंगे. हम सब उसके खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं और उत्साहित भी हैं.” उन्होंने यह भी साफ किया कि टीम ने इस चुनौती के लिए अपनी तैयारी कर रखी है.
हाथ मिलाने के सवाल पर टालमटोल भरा जवाब
पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने की परंपरा को लेकर भी सूर्यकुमार से सवाल किया गया. इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि “24 घंटे इंतजार करिए. हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं, अच्छा खाना खाइए और आराम करिए. हाथ मिलाने पर कल फैसला लेंगे.”
अभिषेक शर्मा के खेलने को लेकर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि “अगर आप सब चाहते हैं कि अभिषेक शर्मा खेलें, तो हम उसे खिला देंगे.” गौरतलब है कि पाकिस्तान के कप्तान पहले ही कह चुके हैं कि वह चाहते हैं कि अभिषेक शर्मा मैदान में उतरें.
पाकिस्तान के कप्तान ने भी दी प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने भी शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. हाथ मिलाने की परंपरा पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “इस बारे में हम कल देखेंगे.” उन्होंने किसी भी तरह के विवाद से बचते हुए जोर दिया कि मैच क्रिकेट की भावना के मुताबिक खेला जाना चाहिए. सलमान आगा ने कहा कि उनकी उम्मीद है कि मुकाबला उसी खेल भावना के साथ होगा, जैसी हमेशा भारत-पाकिस्तान मैचों में देखने को मिलती रही है.
बड़े मुकाबले से पहले माहौल गर्म
कुल मिलाकर, टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के इस महामुकाबले से पहले माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है. एक तरफ उस्मान तारिक की गेंदबाजी चर्चा में है, तो दूसरी तरफ खिलाड़ियों के बयानों ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है. अब सबकी नजरें रविवार के मैच पर टिकी हैं, जहां असली जवाब मैदान पर मिलेगा.
ये भी पढ़ें- 10वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का गोल्डन चांस, RRB ग्रुप D में बंपर भर्ती, जानें पूरी डिटेल