Bihar Assembly Elections 2025: पहले चरण में बाहुबली नेताओं की पत्नियों की सियासी परीक्षा, 121 सीटों पर आज वोटिंग

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार की राजनीति एक बार फिर दिलचस्प मोड़ पर है. आज यानी गुरुवार, 6 नवंबर 2025 को राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर पहले चरण का मतदान शुरू हो चुका है.

Bihar Assembly Elections 2025 Bahubali wife contesting this elections
Image Source: ANI/Social Media

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार की राजनीति एक बार फिर दिलचस्प मोड़ पर है. आज यानी गुरुवार, 6 नवंबर 2025 को राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर पहले चरण का मतदान शुरू हो चुका है. मंगलवार (4 नवंबर) को प्रचार थमने के बाद अब मतदाताओं के हाथ में सत्ता की चाबी है. 

लेकिन इस बार चर्चा सिर्फ राजनीतिक दलों या गठबंधनों की नहीं, बल्कि बाहुबली नेताओं की पत्नियों की है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में सियासी अखाड़े में उतर चुकी हैं. इस चरण की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कई सीटों पर मुकाबला बाहुबलियों की पत्नियों के बीच हो रहा है  जिनकी किस्मत अब ईवीएम की मशीन में बंद हो जाएगी.

मोकामा से वीणा देवी का मुकाबला अनंत सिंह से

बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी मोकामा विधानसभा सीट से राजद (RJD) के टिकट पर मैदान में हैं. वीणा देवी की लोकप्रियता और राजनीतिक अनुभव के चलते यह सीट बेहद हॉट मानी जा रही है. उनका सीधा मुकाबला जाने-माने बाहुबली अनंत सिंह से है. दोनों उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है.

वारिसलीगंज में दो बाहुबली पत्नियों के बीच जंग

वारिसलीगंज विधानसभा सीट इस बार सुर्खियों में है, क्योंकि यहां दो बाहुबली नेताओं की पत्नियां आमने-सामने हैं.पहली हैं अरुणा देवी, जो भाजपा (BJP) की टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं. वे चार बार की विधायक रह चुकी हैं और बाहुबली अखिलेश सरदार की पत्नी हैं.

दूसरी हैं अनीता देवी, जिन्हें राजद (RJD) ने टिकट दिया है. अनीता देवी बाहुबली अशोक महतो की पत्नी हैं और अपने पति के राजनीतिक प्रभाव के साथ जनसंपर्क में भी सक्रिय हैं.इस सीट पर दोनों महिलाओं के बीच सीधा मुकाबला बेहद दिलचस्प बन गया है.

नवादा से विभा देवी फिर मैदान में

जेडीयू (JDU) की उम्मीदवार विभा देवी नवादा विधानसभा सीट से एक बार फिर चुनाव लड़ रही हैं. वे बाहुबली राजबल्लभ यादव की पत्नी हैं. साल 2020 में विभा देवी ने इसी सीट से जीत हासिल की थी और अब वह अपनी दूसरी जीत दर्ज करने की कोशिश में हैं. नवादा की राजनीति में राजबल्लभ यादव का प्रभाव अब भी बरकरार है, जिसका फायदा विभा देवी को मिल सकता है.

रूपौली सीट पर बीमा भारती की साख दांव पर

पूर्णिया जिले की रूपौली विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी बीमा भारती एक बार फिर मैदान में हैं. वे बाहुबली अवधेश मंडल की पत्नी हैं, जो हत्या, रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामलों में आरोपी हैं. बीमा भारती इस सीट से अब तक पांच बार विधायक रह चुकी हैं और छठी बार अपनी जीत का परचम लहराने की कोशिश में हैं.

लालगंज से मैदान में बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला

इस बार चुनावी दौड़ में बाहुबली नेताओं की अगली पीढ़ी भी नजर आ रही है. लालगंज विधानसभा सीट से शिवानी शुक्ला, जो बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी हैं, राजद के टिकट पर मैदान में हैं. युवा चेहरे के तौर पर शिवानी पार्टी के लिए नई उम्मीद मानी जा रही हैं.

बिहार की राजनीति में बाहुबल और परिवारवाद की गूंज

बिहार की सियासत में बाहुबलियों का असर नया नहीं है, लेकिन इस बार उनकी पत्नियां और बेटियां राजनीति की बागडोर संभालते नजर आ रही हैं. पहले चरण में ही कई ऐसे नाम हैं जिन्होंने चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है.राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इन उम्मीदवारों की जीत या हार न केवल उनके परिवारों की साख तय करेगी, बल्कि यह भी दिखाएगी कि क्या बिहार की जनता अब भी बाहुबल और प्रभावशाली परिवारों पर भरोसा करती है या नए चेहरों को मौका देगी.

यह भी पढ़ें: Bihar Election Voting LIVE: पहले चरण की वोटिंग शुरू, महिला वोटरों में दिखा उत्साह, पढ़ें अपडेट