Bihar Election Voting LIVE: 121 सीटों पर खत्म हुआ मतदान, EVM में कैद हुआ उम्मीदवारों का भविष्य

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का पहला चरण आज (6 नवंबर) से शुरू हो गया है. राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है.

First phase voting begins in Bihar Election live updates
File Photo

Bihar Chunav: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का पहला चरण आज (6 नवंबर) से शुरू हो गया है. राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है. इनमें 102 सामान्य सीटें और 19 अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित हैं. यह चरण इसलिए भी अहम है क्योंकि इसमें कई दिग्गज नेताओं के साथ मौजूदा सरकार के 14 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है.

पहले चरण की सियासी तस्वीर

बिहार में इस बार मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA), महागठबंधन (RJD-Congress) और जन सुराज के उम्मीदवार आमने-सामने हैं.

NDA गठबंधन की ओर से:

  • भारतीय जनता पार्टी (BJP) – 48 सीटें
  • जनता दल यूनाइटेड (JDU) – 57 सीटें
  • लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) – 14 सीटें
  • राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) – 2 सीटें

महागठबंधन की ओर से:

  • राष्ट्रीय जनता दल (RJD) – 73 सीटें
  • कांग्रेस – 24 सीटें
  • भाकपा (माले) – 14 सीटें
  • वीआईपी – 5 सीटें
  • भाकपा – 3 सीटें
  • माकपा (CPI-M) – 5 सीटें
  • आईआईपी (IIP) – 3 सीटें

जन सुराज पार्टी, प्रशांत किशोर के नेतृत्व में, 119 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और कई स्थानों पर वह तीसरे मोर्चे के रूप में उभर रही है.

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह चरण बिहार के चुनावी रुख को तय कर सकता है क्योंकि जिन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है, वे राज्य की राजनीति के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण हैं.

मतदाताओं की संख्या और जनसांख्यिकी

पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख से अधिक मतदाता 121 सीटों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें —

  • 1 करोड़ 98 लाख 35 हजार 325 पुरुष मतदाता,
  • 1 करोड़ 76 लाख 77 हजार 298 महिला मतदाता,
  • 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं.

इसके अलावा, 7 लाख 37 हजार 765 युवा मतदाता पहली बार वोट डाल रहे हैं, जिनकी आयु 18 से 19 वर्ष के बीच है. चुनाव आयोग ने इन नए मतदाताओं के लिए विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया है.

प्रमुख चेहरे और दिलचस्प मुकाबले

पहले चरण में कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर है-

  • हरनौत सीट से जेडीयू के हरि नारायण सिंह (78 वर्ष) इस चरण के सबसे उम्रदराज उम्मीदवार हैं.
  • सीवान से आरजेडी के अवध बिहारी चौधरी (78 वर्ष) भी इस सूची में शामिल हैं.
  • वहीं, अलीनगर सीट से बीजेपी की मैथिली ठाकुर (25 वर्ष) चुनाव मैदान में हैं, जो इस बार की सबसे युवा उम्मीदवार हैं.

तीन दलों के प्रदेश अध्यक्ष भी इस चरण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं —

  • जेडीयू के उमेश सिंह कुशवाहा (महनार)
  • राष्ट्रीय लोक मोर्चा के मदन चौधरी (पारू)
  • आईआईपी के आईपी गुप्ता (सहरसा)

इसके अलावा, कई पूर्व मंत्री, मौजूदा विधायक और नए चेहरे भी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला और भी रोचक बन गया है.

लाइव अपडेट जारी है...

बिहार चुनाव में शाम 5 बजे तक का वोटिंग प्रतिशत

मधेपुरा: 65.64 % वोटिंग
सहरसा: 62.65 % वोटिंग
दरभंगा: 58.38 % वोटिंग
मुजफ्फरपुर: 65.23 % वोटिंग
गोपालगंज: 64.96 % वोटिंग
सीवान: 57.41 % वोटिंग
सारण: 60.90 % वोटिंग
वैशाली: 59.45 % वोटिंग
समस्तीपुर: 66.65 % वोटिंग
बेगूसराय: 67.62 % वोटिंग
खगड़िया: 60.65 % वोटिंग
मुंगेर: 54.90 % वोटिंग
लखीसराय: 62.76 % वोटिंग
शेखपुरा: 52.36 % वोटिंग
नालंदा: 57.58 % वोटिंग
पटना: 55.02 % वोटिंग
भोजपुर: 53.24 % वोटिंग
बक्सर: 55.10 % वोटिंग

महनार विधानसभा क्षेत्र में सीएपीएफ जवानों पर पथराव

बिहार चुनाव में सीएपीएफ जवानों पर पथराव की घटना हुई है. एक दल विशेष के समर्थकों ने हमला किया. पुलिस ने हमले के वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर लिया है. सभी जवान सुरक्षित हैं. महनार विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 53 की घटना है.

नदियांवा गांव के मतदान केंद्र पर हंगामा, पहुंचे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा

नदियांवा गांव स्थित मतदान केंद्र पर हंगामा. उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा मतदान केंद्र पहुंचे. आरजेडी एमएलसी अजय कुमार सिंह और कांग्रेस समर्थकों पर अपने पक्ष में मतदान के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा.

दोपहर 3 बजे तक बेगूसराय में सबसे अधिक और पटना में सबसे कम मतदान

मधेपुरा- 55.96
सहरसा- 55.22
खगड़िया- 54.77
दरभंगा- 51.75
पटना- 48.69
भोजपुर- 50.09
बक्सर- 51.69
समस्तीपुर- 56.35
शेखपुरा- 49.37
मुज़फ़्फ़रपुर – 58.40
सारण- 54.60
बेगूसराय- 59.82
नालंदा- 52.32
मुंगेर- 52.17
वैशाली- 53.63
लखीसराय- 57.37
गोपालगंज- 58.17
सीवान-50.93

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिल पर हुआ हमला

उपमुख्यमंत्री और लखीसराय से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा जब अपने निर्वाचन क्षेत्र के खोरियारी गांव में थे, तो राजद समर्थकों ने उनकी गाड़ी घेर ली, चप्पलें फेंकी, पत्थर और गोबर फेंका और “मुर्दाबाद” के नारे लगाए. घटना के बाद उपमुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात की.

ऐसे प्रशासन पर धिक्कार... हमले के बाद बोले विजय सिन्हा

बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “ये राजद के गुंडे हैं. सत्ता में आए बिना ही ये गुंडे बिहार के उपमुख्यमंत्री को बाहर जाने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं… यहां के SP कायर और कमजोर हैं जो यहां आकर कह रहे हैं कि शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है… यदि किसी भी तरह की कोई घटना होती है तो हम यहीं पर धरना-प्रदर्शन करेंगे… ऐसे प्रशासन पर धिक्कार है…”

डिप्टी CM विजय सिन्हा के काफिले पर गोबर फेंका

लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर गोबर फेंका गया. गुस्साए डिप्टी सीएम ने कहा, इस सब की छाती पर बुलडोजर चलेगा. मां भारती का सपूत जीत रहा, तो इन्हे तकलीफ हो रही है.

तेजप्रताप बोले- हमें पूरा विश्वास है, चुनाव जीतेंगे

वैशाली में जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने प्रथम चरण के मतदान पर कहा, "हमें पूरा विश्वास है और इसकी वजह मेडिकल कॉलेज है. माता-पिता और जनता हमें सभी का आशीर्वाद प्राप्त है इसलिए हमारे लिए कोई मुश्किल नहीं है."

गठबंधन धर्म निभाने आया हूं... चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, “मैं यहां अपने मताधिकार का प्रयोग करने आया हूं. मेरे छोटे भाई भी यहां से चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन मैं अपना गठबंधन धर्म निभाने आया हूं, मैं पारिवारिक झगड़े में नहीं फंसना चाहता, खासकर उस व्यक्ति के लिए जो मेरे परिवार में सबसे छोटा है, लेकिन सबसे छोटा होने के बावजूद उसने सबसे बदतमीज़ी की है, जिस तरह से उसने मेरी मां के साथ व्यवहार किया… ऐसे में मुझे नहीं लगता कि मैं उसे कभी माफ कर पाऊंगा… राजनीति के लिए आज आप कुछ भी कहें लेकिन मुझे पता है कि अलौली की जनता मेरे पिता रामविलास पासवान की पीठ में छुरा घोंपने वालों को याद रखेगी, जनता इन सब बातों को ध्यान में रखकर वोट करेगी.”

बुरखे में महिलाओं की पहचान की जा रही

दरभंगा में बुरखे में महिलाओं की पहचान की जा रही है. एक कतार में बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं बुरखे में हैं. उन्होंने कहा कि- पहले ऐसे पहचान नहीं होती थी अब हो रही है. कुछ कह रही हैं कि उन्हें ऐतराज नहीं हैं. कुछ कह रही हैं कि सरकार ने सिस्टम शुरू किया है तो क्या किया जा सकता है. 

11 बजे तक 27.65 फीसद मतदान

121 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है. 11 बजे तक का वोटिंग परसेंट जारी हो चुका है. 11 बजे तक 18 जिलों में 27.65 फीसद वोटिंग हुई है.

मतदाता आशीर्वाद दे रहे... मैथिली ठाकुर

बिहार: लोक गायिका एवं अलीनगर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने प्रथम चरण के मतदान पर कहा, “मैं देख रही हूं कि बहुत सारे लोग घरों से बाहर निकलकर सुबह ही मतदान कर रहे हैं… मतदान सुविधा के अनुसार हो, सभी को कोई परेशानी ना हो… मतदाता मुझे अपना आशीर्वाद दे रहे हैं. मुझे मतदाताओं के प्रेम से अभी से जीत का एहसास हो रहा है…”

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने वोट डाला

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, “…बिहार की जनता बड़े उत्साह के साथ मतदान कर रही है. बड़ी संख्या में महिलाओं, माताओं और बहनों का मतदान करना इस बात का संकेत है कि हवा किस तरफ बह रही है और ये NDA सरकार द्वारा किए गए कार्यों और बिहार के विकास का नतीजा है. जनता प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी पर भरोसा करती है.”

हम इतने लोभी नहीं हैं... तेज प्रताप यादव का बड़ा बयान

जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने कहा, “…किसी की भी सरकार रहे, जो आम आदमी को रोजगार देगी, पलायन रोकेगी, बिहार में बदलाव लाएगी, हम उसके साथ रहेंगे. जनता मालिक है, जनता ही चीजें बनाती और बिगाड़ती है. विरासत लोहिया जी और कर्पूरी ठाकुर की है. विचारधारा सामाजिक न्याय, संपूर्ण परिवर्तन, संपूर्ण क्रांति की है. जैसे हमारे पिताजी कहते थे कि अगर हमें प्रधानमंत्री बनने का मौका मिले तो हम क्यों छोड़ेंगे, वैसे ही अगर हमें मुख्यमंत्री बनने का मौका मिले तो हम क्यों छोड़ेंगे… बनेंगे या नहीं बनेंगे, यह 14 तारीख को तय होगा, लेकिन हम इतने लोभी नहीं हैं कि हमें कुर्सी पर बैठना है.”

वोट डालने पहुंचे तेज प्रताप यादव

जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने कहा, “बिहार की जनता को अपना वोट ज़रूर डालना चाहिए. हर वोट महत्वपूर्ण है…माता-पिता का आशीर्वाद विशेष स्थान रखता है, और जनता के आशीर्वाद का अपना महत्व है…”

लोजपा नेता (आर) नेता अरुण भारती का बयान

बिहार चुनाव 2025 वोटिंग लाइव: LJP (रामविलास) नेता अरुण भारती ने कहा, “मैं जनता से अपील करता हूं कि जैसे पिछले 19 सालों से भ्रष्टाचार और जंगलराज को आपने दूर रखा है वैसे ही इस बार भी दूर रखिए. NDA को वोट दें ताकि बिहार के विकास की गति धीमी न हो…” राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा, “बिहार की जनता और देश के युवा सतर्क हैं और राहुल गांधी की महत्वाकांक्षाओं को पूरा नहीं होने देंगे… राहुल गांधी को अपनी बातों के पक्ष में तथ्य देने होंगे. अगर उनकी बातों में इतनी सच्चाई है, तो वे अदालत क्यों नहीं जाते…”

VIP प्रमुख मुकेश सहनी परिवार के साथ पहुंचे

VIP प्रमुख और महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री उम्मीदवार मुकेश सहनी ने परिवार के साथ बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में वोट डाला. VIP प्रमुख और महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री उम्मीदवार मुकेश सहनी ने कहा, “बस यही संदेश है कि सब लोग अपने घरों से निकलें और अपने वोट का इस्तेमाल करें, अपने वोट का इस्तेमाल एक बेहतर बिहार, एक बेहतर सरकार बनाने के लिए करें… जनता इस देश की मालिक है और आपको अपने वोट का सही इस्तेमाल करना चाहिए.”

वोट डालने पहुंचे पवन सिंह

भाजपा नेता और अभिनेता-गायक पवन सिंह ने कहा, “मैं वोट देने जा रहा हूं और मेरा वोट विकास के लिए है.

लोकतंत्र की जन्मभूमि... केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, “लोकतंत्र के महापर्व को सभी को उत्साह के साथ मनाना चाहिए. आज बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है. सभी मतदाताओं से अपील है कि वे मतदान करें और लोकतंत्र के महापर्व को मनाएं। बिहार लोकतंत्र की जन्मभूमि है… इसलिए बिहार के लोग लोकतंत्र के महापर्व को उत्साह के साथ मनाते हैं.”

सुबह 9 बजे तक 13.13 % मतदान

बिहार में आज पहले चरण का मतदान जारी है. प्रदेश भर में सुबह 9 बजे तक 13.13 % मतदान हुआ है. आज की 121 सीटों में 104 सीटों पर सीधा मुकाबला है, जबकि 17 सीटों पर त्रिकोणीय लड़ाई है.

युवा हमारी विकास को देखकर वोट करेंगे- सम्राट चौधरी

डिप्टी सीएम सम्राट ने कहा कि – बिहार की आर्धिक समृद्धि और नितीश जी ने 20 साल से जो काम किया और वो लगातार काम करते आ रहे हैं. बिहार में पहले गड्ढे में सड़क थी. बिहार में आज सड़कें 20 लाख किलोमीटर सड़के हैं. बिहार में इस बार हमारी बहने हैं बिहार के युवा हमारी विकास को देखकर वोट करेंगे. हम घोषणा नहीं करते हैं, हम वादा पूरा करते हैं. हम विकास के नाम पर वोट मांगते हैं.

तेजस्वी की सरकार नहीं बन सकती... बीजेपी विधायक केतकी सिंह

बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने दावा किया है कि जब तक लालू प्रसाद यादव जिंदा हैं, तब तक तेजस्वी यादव की सरकार नहीं बन सकती है. उन्होंने तर्क दिया है कि लालू यादव पर लगे आरोपों के कारण लोगों का विश्वास तेजस्वी यादव पर नहीं है और इस कारण भाजपा को फायदा होगा.

14 तारीख को नई सरकार ... तेजस्वी यादव क्या बोले

बिहार चुनाव 2025 वोटिंग लाइव: राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा, “हम बिहार के सभी लोगों से अपील करते हैं कि वे अपने वर्तमान और भविष्य को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्र पर वोट दें. जो आपको नौकरी, रोज़गार, अच्छी शिक्षा, चिकित्सा, पढ़ाई, दवाई और कमाई दे, उसे वोट दें. हम जीतेंगे, बिहार जीतेगा. 14 तारीख को नई सरकार बनने जा रही है.”

कोर्ट का रास्ता...राहुल गांधी को सलाह दे रहे चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री और LJP-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान पर कहा, “सभी मतदाताओं से अपील करूंगा कि मतदान जरूर करें. मैं चाहता हूं कि आज मतदान का रिकॉर्ड बने और सबसे ज्यादा मतदान हो…आज सबको एकजुट होकर मतदान करना चाहिए.”राहुल गांधी की वोट चोरी के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा, “अगर ये जानकारियां आपके सामने आई हैं तो आप कोर्ट का रास्ता क्यों नहीं अपनाते. SIR की प्रक्रिया से भी आपको समस्या है.”

RJD नेता रोहिणी आचार्य ने मतदान किया

RJD नेता रोहिणी आचार्य ने कहा, “ये चुनाव गांवों में रोजगार के लिए दर-दर ठोकर खाने वाले हमारे मजदूर भाइयों के लिए है. मुझे विश्वास है कि हमारे लोग, बिहार के लोग, रोजगार देने वाली सरकार चुनेंगे और डबल इंजन सरकार को उखाड़ फेंकेंगे.”

वोट डालने पहुंचीं पूर्व सीएम राबड़ी देवी

बिहार चुनाव 2025 वोटिंग लाइव: राजद नेता राबड़ी देवी ने कहा, “मैं महिलाओं, बच्चों, सभी से अपने घरों से निकलकर वोट देने की अपील करती हूं. इस बार बदलाव होगा, जनता बदलाव लाएगी.”

तेजस्वी यादव ने किया मतदान

RJD नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान किया.

आरा-दरभंगा में खराब हुई EVM मशीन

आरा जिले में ईवीएम मशीन खराब होने के कारण मतदान देर से शुरू हो सका है. जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 137 अवर निबंधन कार्यालय में लगी ईवीएम मशीन खराब हुई थी. जिसके ठीक होने के 45 मिनिट बाद मतदान शुरू हो सका. दरभंगा में भी ईवीएम मशीन खबर हो गई थी. बूथ नंबर 153 पर वोटिंग मशीन को सुधारा गया. गांधीनगर सामुदायिक केंद्र की मशीन को सुधारा गया. 40 मिनिट बाद मतदान शुरू हो सका.

मीसा भारती बोलीं- महागठबंधन को अपना समर्थन दीजिए

जंगलराज और गुंडाराज से मुक्ति... भाजपा कैंडिडेट विजय सिन्हा

बिहार चुनाव 2025 वोटिंग लाइव: बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “लोकतंत्र के इस महापर्व में हम भी शामिल हुए… लोकतंत्र के इस महापर्व में ही हम अपने वोट के जरिए देश के प्रधानमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री का चुनाव करते हैं… बिहार को जंगलराज और गुंडाराज से मुक्ति दिलाई जाएगी. मतदान बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है। यह बिहार का सम्मान बढ़ाने के लिए है, हर बिहारी को इसमें हिस्सा लेना चाहिए.”

लड़ता रहूंगा... राजद कैंडिडेट खेसारी लाल यादव का बयान

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान जारी है. छपरा विधानसभा सीट से अभिनेता और राजद उम्मीदवार खेसारी लाल यादव ने कहा, “मुझे यहां से कुछ लेकर नहीं जाना है. एक बेहतर इंसान बनने का प्रयास हमेशा करता हूं और लड़ता रहूंगा… बेहतर बिहार कैसे बनेगा हमें इसपर चर्चा करें तो बेहतर है. हमारे व्यक्तिगत जीवन से लोगों को क्या लेना देना है. लोगों का बिहार की व्यवस्था से लेना देना है.”

नितिन नवीन ने किया मतदान

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के प्रत्याशी नितिन नवीन ने मतदान किया. इस मौके पर उन्होंने कहा, "मैं तो यही कहूंगा कि आप ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करें... लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, पहले मतदान फिर जलपान... हमारा मानना ​​है कि एक अच्छी, व्यवस्थित, विकसित करने वाली सरकार सत्ता में आए."

मोकामा में सबसे पहले 73 साल के बुजुर्ग ने वोट डाला

बिहार चुनाव लाइव अपडेटः मोकामा में वोटिंग शुरू हो चुकी है. सबसे पहले 73 साल के बुजुर्ग ने वोट डाला है.

बीजेपी प्रत्याशी मैथिली ठाकुर ने मतदान से पहले पूजा की

विजय कुमार सिन्हा ने अपने आवास पर पूजा-अर्चना की

उत्साह के साथ मतदान करें... PM मोदी की अपील

पीएम मोदी ने कहा- बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है। विधानसभा चुनावों में इस दौर के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के अपने सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!