बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, दो चरणों में होगी वोटिंग, जानें कब आएगा रिजल्ट?

Bihar Assembly Election 2025 Date: बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है. चुनाव आयोग ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी है कि विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में वोटिंग होगी.

Bihar Assembly Election 2025 Date announcement vidhan sabha chunav schedule
Image Source: ANI

Bihar Assembly Election 2025 Date: निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान कर दिया है. सोमवार शाम 4 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इस चुनाव का पूरा शेड्यूल साझा किया. बिहार में 243 सीटों पर होने वाले विधानसभा चुनाव को केवल दो चरणों में पूरा करने का निर्णय लिया गया है. 

दो चरणों में होगा मतदान

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 दो चरणों में संपन्न होगा. पहले चरण का मतदान 6 नवंबर, 2025 को होगा, जिसमें 121 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. वहीं, दूसरा चरण 11 नवंबर, 2025 को होगा, जिसमें शेष 122 सीटों पर मतदान होगा. मतगणना 14 नवंबर, 2025 को होगी, जिसके बाद बिहार की नई सरकार का चेहरा सामने आएगा. यह पहली बार है जब बिहार में विधानसभा चुनाव इतने कम चरणों में आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रक्रिया को और सुगम बनाने की कोशिश की गई है.

मतदाताओं की संख्या और सुविधाएं

बिहार में इस बार कुल 7.43 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे. इनमें 14 लाख नए मतदाता शामिल हैं, जो पहली बार वोट डालेंगे. निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए कई अहम कदम उठाए हैं. इस बार किसी भी पोलिंग बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे, जिसके चलते पोलिंग स्टेशनों की संख्या में वृद्धि की जाएगी. इसके अलावा, सभी पोलिंग स्टेशनों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी, ताकि पूरी मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके और पारदर्शिता सुनिश्चित हो.

7 राज्यों में 8 सीटों पर उपचुनाव

बिहार विधानसभा चुनाव के साथ-साथ निर्वाचन आयोग ने 7 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का भी ऐलान किया है. इन उपचुनावों में मतदान 11 नवंबर, 2025 को होगा. जिन सीटों पर उपचुनाव होंगे, उनमें राजस्थान की अंटा, जम्मू-कश्मीर की बडगाम और नागरोटा, पंजाब की तरनतारन, झारखंड की घाटशिला, तेलंगाना की जुबली हिल्स, मिजोरम की डांपा और ओडिशा की नुआपाड़ा शामिल हैं. इन उपचुनावों के परिणाम भी 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे.

ये भी पढ़ें: 'सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान...' CJI के सामने वकील का हंगामा, की जूता निकालने की कोशिश