‘बिग बॉस 19’ का हर हफ्ता दर्शकों के लिए नए ड्रामे और सरप्राइज़ लेकर आ रहा है. लेकिन इस बार जो खबर सामने आई है, उसने शो के माहौल को और भी गर्मा दिया है. शनिवार के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में सलमान खान ने जब अभिषेक बजाज की एक्स-वाइफ का जिक्र किया, तो माहौल कुछ पलों के लिए गंभीर हो गया. सलमान ने इशारों-इशारों में कहा—
जो लोग तान्या की बाहर की बातें सुनकर हंस रहे हैं, उनके बारे में उनकी वाइफ या एक्स-वाइफ भी बहुत कुछ बोल रही हैं. सलमान की इस बात ने अभिषेक को साफ तौर पर असहज कर दिया. उन्होंने बाद में अपनी साथी प्रतियोगी अश्नूर कौर से कहा कि उम्मीद है उनकी एक्स-वाइफ शो में न आ जाए. लेकिन अब लगता है, शो के मेकर्स ने अभिषेक की यह ख्वाहिश सुनने के बजाय एक बड़ा प्लॉट ट्विस्ट तैयार कर लिया है.
आकांक्षा जिंदल की वाइल्ड कार्ड एंट्री की चर्चा
सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें आकांक्षा जिंदल, यानी अभिषेक बजाज की पूर्व पत्नी, वैनिटी वैन से बाहर निकलती नजर आ रही हैं. गुलाबी रंग की ड्रेस में उनकी यह तस्वीर इंटरनेट पर चर्चा का विषय बनी हुई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आकांक्षा को ‘बिग बॉस 19’ की अगली वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में लाने की तैयारी चल रही है. हालांकि, अभी तक चैनल या शो की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
अभिषेक–आकांक्षा की लव स्टोरी और ब्रेकअप की कहानी
आकांक्षा जिंदल ने कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में अपनी और अभिषेक की मुलाकात से लेकर शादी तक का सफर साझा किया था. उन्होंने बताया कि दोनों की कहानी एक स्कूल रीयूनियन से शुरू हुई थी. छह साल के लंबे रिलेशनशिप के बाद दोनों ने 2017 में परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी कर ली थी. लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद रिश्ते में दरारें आने लगीं. आकांक्षा के मुताबिक, शादी के बाद उन पर कई पाबंदियां लगा दी गईं. उन्हें अपनी पसंद के कपड़े पहनने या करियर बनाने की इजाजत नहीं थी. उन्होंने यह भी दावा किया कि अभिषेक ने उन्हें धोखा दिया. डेढ़ साल बाद यह शादी टूट गई, और दोनों अलग हो गए.
शो में एंट्री से बढ़ेगा ड्रामा?
अगर आकांक्षा सच में ‘बिग बॉस 19’ में एंट्री लेती हैं, तो यह सीजन अब तक का सबसे भावनात्मक और विवादास्पद मोड़ ले सकता है. शो के दर्शक पहले से ही अभिषेक के गेम को लेकर उत्साहित हैं, ऐसे में उनकी एक्स-वाइफ का घर में आना न सिर्फ उनके लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है बल्कि दर्शकों को भी नए एंगल्स और खुलासे देखने को मिल सकते हैं.
यह भी पढ़ें: हर पल अशुभ संकेत मिल रहे... सतीश शाह के निधन से सदमे में अमिताभ बच्चन, भावुक ब्लॉग में बयां किया गम