टीवी और फिल्म जगत के मशहूर अभिनेता सतीश शाह का 74 वर्ष की आयु में 25 अक्टूबर को किडनी संबंधित समस्याओं के कारण निधन हो गया. उनके निधन की खबर ने न सिर्फ उनके फैंस बल्कि पूरे मनोरंजन उद्योग को स्तब्ध कर दिया. साराभाई वर्सेस साराभाई में इंद्रवदन के किरदार से लोकप्रिय हुए सतीश शाह ने अपनी कमाल की कॉमिक टाइमिंग और सहज अभिनय से दर्शकों का दिल जीता. शनिवार को उनके निधन की पुष्टि हुई और आज मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया. सतीश शाह को अंतिम विदाई देने उनके सह-अभिनेता और मित्र सुमीत राघवन, राजेश कुमार, रत्ना पाठक शाह और रूपाली गांगुली उपस्थित रहे. बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी सोशल मीडिया पर अपने दुख को व्यक्त किया.
सतीश शाह के निधन से शोक में अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में सतीश शाह के निधन को लेकर दुख व्यक्त किया. उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा- 'एक और दिन, एक और काम और एक और शांति. हममें से एक और हमेशा के लिए इस दुनिया से चला गया. सतीश शाह बहुत ही कम उम्र में हमें छोड़कर चले गए... और भी कई सितारे अब हमारे साथ नहीं रहे. ये एक गंभीर समय है. हर पल हम सबको अशुभ संकेत मिल रहे हैं.'
शो चलते रहना चाहिए- अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन अपने ब्लॉग में आगे लिखते हैं- 'उस पुरानी कहावत का पालन करना सहज है... 'लेकिन शो तो चलता ही रहना चाहिए'... और ऐसा ही होता है, जैसे जिंदगी चलती रहती है. हर दिन एक विकल्प की अभिव्यक्ति... या जहां भी 'शो' हमें ले जाए... इसलिए... संकट और उदासी, निराशा में भी, सामान्यता और काम का चेहरा बना रहता है... लेकिन नहीं... सामान्यता का पीछा करना अनुचित है.'
अमिताभ बच्चन के साथ साझा सफर
सतीश शाह ने अमिताभ बच्चन के साथ कई फिल्मों में काम किया. पहली बार वे दोनों 1982 में रिलीज हुई 'शक्ति' में स्क्रीन शेयर कर चुके थे. इस फिल्म में दिलीप कुमार, स्मिता पाटिल और अमरीश पुरी जैसे कलाकार भी शामिल थे. इसके बाद सतीश शाह ने अमिताभ के साथ 'हीरो हीरालाल' और 2008 की 'भूतनाथ' में भी काम किया. इन फिल्मों में उनका अभिनय हमेशा दर्शकों के लिए यादगार रहा.
फिल्मों और टीवी में अमिट छाप
सतीश शाह ने केवल फिल्मों में ही नहीं बल्कि टीवी शोज में भी दर्शकों का मनोरंजन किया. साराभाई वर्सेस साराभाई और ये जो है जिंदगी में उनके किरदार आज भी फैंस के दिलों में जीवित हैं. उन्होंने शाहरुख खान की फिल्मों 'कल हो ना हो', 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'हम आपके हैं कौन' और 'मैं हूं ना' में भी शानदार अभिनय किया. उनकी कला और हास्य प्रेमी दर्शकों के बीच हमेशा याद रखी जाएगी.
ये भी पढ़ें: 'लव यू सतीश काका, आप हमेशा हमारे इंदू रहेंगे', सतीश शाह के निधन पर ‘बड़े बेटे’ हुए इमोशनल