Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इन दिनों मुंबई के दो दिवसीय दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने 20 से अधिक प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस की. बैठक में हरियाणा के अलग-अलग सेक्टर में निवेश की संभावनाओं, उद्योगों के विस्तार और राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री के इस दौरे को हरियाणा में बड़े निवेश को आकर्षित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, सैनी के दो दिवसीय मुंबई दौरे के दौरान 66 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों से जुड़े एमओयू पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है.
राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में 20 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. बैठक में हरियाणा में उद्योग लगाने और निवेश बढ़ाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई. सरकार की ओर से निवेशकों को राज्य में उपलब्ध सुविधाओं और उद्योगों के लिए बनाए गए अनुकूल माहौल की जानकारी दी गई. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जोर इस बात पर है कि हरियाणा में अधिक से अधिक निवेश आए, जिससे नए उद्योग स्थापित हों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हों.
ये भी पढ़ें- CM Yogi in Raebareli : रायबरेली को योगी सरकार की बड़ी सौगात! 60 बेघर परिवारों को जमीन