नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, गुजरात ATS और कोस्ट गार्ड ने पकड़ी 115 KG कोकीन, जानें इसकी कीमत

Kutch Cocaine Seizure: गुजरात में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता और भारतीय तटरक्षक बल ने संयुक्त ऑपरेशन में करीब 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की है.

Big action against drug smuggling Gujarat ATS and Coast Guard caught 115 KG of cocaine its value
Image Source: Social Media

Kutch Cocaine Seizure: गुजरात में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता और भारतीय तटरक्षक बल ने संयुक्त ऑपरेशन में करीब 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की है. यह कार्रवाई कच्छ के समुद्री इलाके में की गई. एजेंसियों को समुद्र के रास्ते संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया.

1150 करोड़ रुपये बताई जा रही कीमत

अधिकारियों के मुताबिक जब्त की गई कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1,150 करोड़ रुपये आंकी गई है. जांच एजेंसियों का कहना है कि हाल के वर्षों में देश में हुई यह सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक मानी जा रही है.

पाकिस्तान के रास्ते भारत लाई जा रही थी ड्रग्स

शुरुआती जांच में पता चला है कि यह ड्रग्स दक्षिण अमेरिकी देशों से पाकिस्तान के रास्ते भारत पहुंचाई जा रही थी. तस्कर समुद्री मार्ग का इस्तेमाल कर गुजरात के तट तक कोकीन पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे. अब एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं.

एक आरोपी गिरफ्तार

इस ऑपरेशन के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों की कोशिश है कि इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके. जांच एजेंसियों को शक है कि इस गिरोह के तार अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं.

कई जगहों पर चल रही छापेमारी

गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता ने दूसरी केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर जांच तेज कर दी है. ड्रग्स तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान करने के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है. साथ ही समुद्री सीमाओं पर निगरानी भी बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी तस्करी को रोका जा सके.

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

समुद्री रास्तों से ड्रग्स तस्करी के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. एजेंसियों का कहना है कि समुद्र के जरिए नशे की खेप भारत लाने की कोशिश लगातार की जाती रही है, इसलिए तटीय इलाकों में निगरानी मजबूत की जा रही है.

नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान

अधिकारियों के मुताबिक पिछले पांच साल में गुजरात एटीएस और इंडियन कोस्ट गार्ड का यह 15वां सफल संयुक्त ऑपरेशन है. इस कार्रवाई को समुद्री सुरक्षा मजबूत करने और देश को नशा मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- पशु-पक्षियों को नहीं भूलना... भीषण गर्मी के बीच PM मोदी ने लोगों से की अपील, लोगों को पानी पिलाने की दी सलाह