Asia Cup Trophy Controversy: भारत और पाकिस्तान के बीच मैदान से बाहर की जंग एक बार फिर सुर्खियों में है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अब एशिया कप ट्रॉफी विवाद को लेकर कड़ा रुख अपनाने जा रहा है. बोर्ड को उम्मीद है कि विजेता ट्रॉफी “एक या दो दिन में” मुंबई मुख्यालय पहुंच जाएगी. लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है, तो चार नवंबर को बीसीसीआई यह मामला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के सामने उठाएगा.
भारत ने दुबई में खेले गए एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था. हालांकि, विवाद तब खड़ा हुआ जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने फाइनल के बाद ट्रॉफी लेने के लिए पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के हाथों से इनकार कर दिया.
नकवी इस वक्त एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) दोनों के अध्यक्ष हैं. इस घटना के बाद से ट्रॉफी अभी भी पाकिस्तान के पास ही है. नकवी ने पहले कहा था कि वे ट्रॉफी भारत को सौंपने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसे व्यक्तिगत रूप से देना चाहते हैं.
“हम नाखुश हैं, लेकिन उम्मीद अभी बाकी है”
बीसीसीआई के संयुक्त सचिव देवजीत सैकिया ने पीटीआई वीडियो से बातचीत में कहा, “एक महीने से ज़्यादा हो गया है, लेकिन ट्रॉफी हमें अब तक नहीं दी गई. हम इससे थोड़ा नाखुश हैं. लगभग 10 दिन पहले हमने एसीसी अध्यक्ष को पत्र लिखा था, पर उनके रुख में कोई बदलाव नहीं आया.
फिर भी हमें उम्मीद है कि एक-दो दिन में ट्रॉफी हमारे मुंबई कार्यालय में पहुंच जाएगी.” सैकिया ने साफ कहा कि अगर ऐसा नहीं होता, तो बीसीसीआई 4 नवंबर से दुबई में होने वाली ICC की तिमाही बैठक में इस मुद्दे को आधिकारिक रूप से उठाएगा.
नकवी का रुख और भारत का जवाब
सूत्रों के अनुसार, नकवी इस मामले में किसी औपचारिक समाधान पर सहमत नहीं हुए हैं. उन्होंने सुझाव दिया है कि भारतीय खिलाड़ी किसी आगामी कार्यक्रम में ट्रॉफी “व्यक्तिगत रूप से” ले सकते हैं. लेकिन बीसीसीआई इसे खेल भावना के खिलाफ मानते हुए इस पर सहमत नहीं है.
गुवाहाटी टेस्ट में होगा अनोखा बदलाव, लंच से पहले टी ब्रेक!
इस बीच, बीसीसीआई के संयुक्त सचिव देवजीत सैकिया ने एक दिलचस्प जानकारी भी साझा की. उन्होंने बताया कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में अगले महीने होने वाले दूसरे टेस्ट में एक अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिल सकता है,“गुवाहाटी में सूर्योदय और सूर्यास्त जल्दी होने के कारण सत्रों के क्रम में बदलाव पर चर्चा हो रही है. इस मैच में लंच से पहले टी ब्रेक का नया फॉर्मेट लागू किया जा सकता है.” यह पहली बार होगा जब भारतीय टेस्ट क्रिकेट में ‘टी-ब्रेक’ लंच से पहले परोसा जाएगा.
यह भी पढ़ें- मोहसिन नकवी ने कर दी एक और ओछी हरकत, ACC के दफ्तर से चुराकर भागा एशिया कप की ट्रॉफी