ढाका: बांग्लादेश ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान तब तक भारत का दौरा नहीं करेंगे, जब तक भारत शेख हसीना को बांग्लादेश वापस नहीं भेजता. शेख हसीना पिछले दो साल से भारत में रह रही हैं. 2024 में हुए छात्र आंदोलन के दौरान उन्होंने बांग्लादेश छोड़ दिया था. इसके बाद से ही ढाका लगातार भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है. हालांकि, भारत ने इस मांग पर अब तक खुलकर कोई जवाब नहीं दिया है. वहीं, शेख हसीना ने कहा है कि वह इस साल के अंत तक बांग्लादेश लौटेंगी.
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के अधिकारी ए के एम शाहिदुल करीम ने अगले हफ्ते प्रधानमंत्री तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर चल रही चर्चाओं को खारिज किया. उन्होंने पत्रकारों से कहा कि भारत दौरे के लिए सही माहौल बनना जरूरी है.
करीम ने कहा कि बांग्लादेश ने भारतीय अधिकारियों से शेख हसीना और दूसरे भगोड़ों को वापस लाने की प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया है. उनके मुताबिक, ऐसा होने के बाद ही दोनों देशों के बीच आगे की बातचीत के लिए बेहतर माहौल बन सकता है.
भारत ने तारिक रहमान को भेजा है न्योता
तारिक रहमान ने फरवरी में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पद संभाला था. इसके बाद वह मलेशिया और चीन का दौरा कर चुके हैं, लेकिन भारत से दूरी बनाए हुए हैं. भारत की ओर से उन्हें नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दिया गया है. इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता भारत कर रहा है.
ऐसे में तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर लगातार चर्चा हो रही थी. हालांकि, बांग्लादेश के ताजा बयान से साफ संकेत मिल रहा है कि शेख हसीना का मुद्दा दोनों देशों के रिश्तों में अहम बना हुआ है.
शेख हसीना के बयान से बांग्लादेश नाराज
शाहिदुल करीम ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में बांग्लादेश और भारत के अधिकारी तारिक रहमान के संभावित दौरे को लेकर संपर्क में रहे हैं. लेकिन शेख हसीना के हाल में मीडिया से खुले तौर पर बातचीत करने से यह प्रक्रिया प्रभावित हुई है.
करीम ने शेख हसीना पर मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी होने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की सरकार अपनी विदेश नीति में देश के हितों को सबसे ऊपर रखेगी. सरकार की नीति संप्रभुता और दूसरे देशों के मामलों में दखल न देने पर आधारित होगी. साथ ही बांग्लादेश भारत समेत दूसरे देशों के साथ आपसी फायदे वाले संबंध बनाए रखने की कोशिश करता रहेगा.
ये भी पढ़ें- बलूचिस्तान में बढ़ा तनाव तो पाकिस्तान ने लगाया लॉकडाउन, घर से निकलने पर रोक, इलाके में सेना की तैनाती