Kal Ka Mausam 6 October: देश के कई हिस्सों में अक्टूबर की शुरुआत के साथ मौसम एक बार फिर करवट लेने लगा है. दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को देश के करीब 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की गतिविधियां रहने का अनुमान है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और केरल तक कई इलाकों में मौसम प्रभावित हो सकता है.
दिल्ली-NCR में बारिश के साथ गिरेगा तापमान
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 6 अक्टूबर को मौसम बदला हुआ नजर आ सकता है. आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं और कुछ जगहों पर तूफानी गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं. बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 7 अक्टूबर को अधिकतम तापमान के 32 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है.
उत्तराखंड में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है. पहाड़ी इलाकों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत रहेगी.
यूपी के कई जिलों में बारिश और आंधी
उत्तर प्रदेश में भी 6 अक्टूबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश होने का अनुमान है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. 6 से 8 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, 9 अक्टूबर तक कई इलाकों में मौसम का यह असर बना रह सकता है.
बिहार से हिमाचल तक बदलेगा मौसम
बिहार में 6 अक्टूबर को कई जिलों में गरज-चमक, आंधी और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में व्यापक बारिश देखने को मिल सकती है. कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी अनुमान है. हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम खराब हो सकता है और इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश
हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी 6 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बदला रहेगा. कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश, जबकि कुछ इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है. 7 अक्टूबर तक इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है. ऐसे में मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
भारी बारिश: उत्तराखंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कर्नाटक
मध्यम बारिश: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम
हल्की बारिश: दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और गोवा.
ये भी पढ़ें: अब ज्यादा रियायत देना मुश्किल... भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर निर्मला सीतारमण की दो टूक, क्यों फंसा पेंच?