तीन मैचों में पूरी टीम ऑलआउट, बांग्लादेश के खराब प्रदर्शन पर भड़के फैंस...खिलाड़ी ने शेयर किया भावुक पोस्ट

बांग्लादेश क्रिकेट टीम हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से करारी शिकस्त खाकर स्वदेश लौटी, लेकिन देश वापसी का यह सफर खिलाड़ियों के लिए बेहद कड़वा अनुभव साबित हुआ.

Bangladesh and afghanistan test odi match all team out on zero fans got angry
Image Source: Social Media

बांग्लादेश क्रिकेट टीम हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से करारी शिकस्त खाकर स्वदेश लौटी, लेकिन देश वापसी का यह सफर खिलाड़ियों के लिए बेहद कड़वा अनुभव साबित हुआ. यूएई में खेले गए इस दौरे के दौरान बांग्लादेश का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और तीनों मुकाबलों में टीम पूरी तरह लड़ाई से बाहर नजर आई. जब खिलाड़ी वापस बांग्लादेश लौटे, तो एयरपोर्ट और होटल के बाहर उन्हें न केवल जमकर हूटिंग झेलनी पड़ी बल्कि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार टीम बस पर हमला भी किया गया.


पहले वनडे में जहां बांग्लादेश 221 रन बनाकर 5 विकेट से हार गया, वहीं दूसरा मुकाबला और भी ज्यादा निराशाजनक रहा. अफगानिस्तान सिर्फ 190 रन पर ऑलआउट हुई, लेकिन बांग्लादेश यह आसान लक्ष्य भी हासिल नहीं कर सका और 81 रन से हार गया. तीसरे मुकाबले में जब 294 रन का पीछा करना था, तो पूरी टीम महज 93 रन पर सिमट गई. इस हार के बाद फैंस का गुस्सा फूट पड़ा और खिलाड़ियों को सड़कों पर विरोध का सामना करना पड़ा.

हमारे लिए ये सिर्फ क्रिकेट नहीं, सम्मान की बात है

टीम के युवा बल्लेबाज़ मोहम्मद नईम शेख ने इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने कहा कि क्रिकेट उनके लिए सिर्फ खेल नहीं बल्कि देश के सम्मान की बात है. हम मैदान पर सिर्फ एक मैच नहीं खेलते, हम अपना देश अपने सीने पर लेकर उतरते हैं. हमारी जर्सी पर भले ही झंडा हो, लेकिन वह हमारे खून में दौड़ता है. हम हर बॉल, हर रन और हर सांस के साथ इस झंडे को गौरव दिलाने की कोशिश करते हैं.

हम भी इंसान हैं, हमारी भावनाएं हैं

नईम ने अपने पोस्ट में यह भी साफ किया कि खिलाड़ी जीत-हार से परे भावनात्मक रूप से देश के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं. उन्होंने कहा कि वे हर असफलता से सीखते हैं, और अगली बार बेहतर करने की पूरी कोशिश करते हैं.हम जानते हैं कि हार आपको भी तकलीफ देती है. लेकिन जिस तरह से हम पर आज गुस्सा निकाला गया, हमारी गाड़ियों पर हमला हुआ, वह दिल दुखाने वाला है. हम गलतियां कर सकते हैं, लेकिन देश के लिए प्यार और समर्पण में कोई कमी नहीं रखते.

आलोचना करें, लेकिन नफरत नहीं 

नईम शेख ने फैंस से भावुक अपील करते हुए कहा कि आलोचना ज़रूरी है, लेकिन वह तर्क और समझदारी के साथ होनी चाहिए. हमें नफरत नहीं, प्यार चाहिए. आलोचना करें, लेकिन गाली और हिंसा की जगह तर्क और समर्थन दें. हम सभी एक ही झंडे के बच्चे हैं. जीत हो या हार, हमारा झंडा गर्व का कारण होना चाहिए, शर्म का नहीं.

बांग्लादेश टीम के सामने अब आत्ममंथन की चुनौती

अफगानिस्तान से मिली हार ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम को सिर्फ एक सीरीज नहीं, बल्कि आत्मनिरीक्षण का एक बड़ा मौका दिया है. अब ज़रूरत है, मैदान पर बेहतर प्रदर्शन के साथ-साथ खिलाड़ियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखने की, ताकि हार का बोझ उन्हें झुका न सके. वहीं, फैंस से भी यह उम्मीद की जा रही है कि वे अपनी निराशा को हिंसा की बजाय समर्थन और समझ में तब्दील करें.

यह भी पढ़ें: एशिया कप में अभिषेक शर्मा ने दिखाया था जलवा, अब जीत लिया ICC का ये अवार्ड