Azamgarh News: आजमगढ़ शहर में जल्द ही 15 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनने वाला है, जो शहर के एक छोर से दूसरे छोर को जोड़ेगा और शहरवासियों को लंबे समय से परेशान कर रहे ट्रैफिक जाम से छुटकारा देगा. इस रिंग रोड के निर्माण से बड़े वाहनों को शहर के बीच से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे शहर की सड़कों पर यातायात आसान और सुरक्षित हो जाएगा.
शहरवासियों और यात्रियों के लिए राहत
इस नए रिंग रोड से न केवल शहर के लोग, बल्कि लखनऊ, बसखारी और अतरौलिया की ओर से आने वाले वाहन भी आसानी से बनारस, जौनपुर, प्रयागराज, मऊ और गाजीपुर जैसी जगहों तक पहुंच पाएंगे. इससे यात्रा का समय कम होगा और शहर की भीड़-भाड़ में भी कमी आएगी. एनएचएआई ने रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण का काम शुरू कर दिया है और इसके लिए जरूरी सर्वे भी पूरा हो चुका है.
23 गांवों से होकर गुजरेगा रिंग रोड
रिंग रोड को उकरौडा से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना थी, लेकिन अब इसे बम्हौर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 184 पर जोड़ा जाएगा. 23 गांवों से होकर गुजरने वाले इस 15 किलोमीटर लंबे मार्ग के लिए 94.59 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जाएगी.
निर्माण कार्य और मंजूरी
मिली जानकारी के अनुसार रिंग रोड के निर्माण का काम पहले ही शुरू हो चुका है. ज्वाइंट मैनेजमेंट सर्वे पूरा हो चुका है और मई में शासन ने इस रिंग रोड को बनाने की मंजूरी दी थी. अब एनएचएआई सर्वे कर किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया में है.
रिंग रोड का मार्ग और गांव
यह रिंग रोड वाराणसी-लुंबिनी नेशनल हाइवे 233 के सेमरहा रानी की सराय गांव के पास किलोमीटर 218 से शुरू होकर बैठोली बाईपास होते हुए बम्हौर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 184 पर जुड़ेगा. इस मार्ग से गुजरने वाले 23 गांव हैं: बिहरोजपुर, छीत्तमपुर, बैठोली, गौरडीहा आयमा, गौरड़िया खालसा, बलेनाडी, चकदुबे, शाहगढ़, दौलतपुर, सरदापुर चक, खैरपुर जगजीवन, मोलनापुर माफी, ऊंचागांव, तमोली, जीरकपुर, अबू सैदपुर, सरायसदी, बदरुद्दीनपुर, नीबी खुर्द, मोहब्बतपुर, महालिय और बम्हौर.
ये भी पढ़ें: पैराशूट फैब्रिक, सेना का सहयोग और चक्र-मैकेनिज्म... राम मंदिर के शिखर पर लगने वाले ध्वज की क्या है खासियत? जानें