Awarapan 2 Collection: इमरान हाशमी और दिशा पाटनी स्टारर ‘आवारापन 2’ को दर्शकों से लगातार अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म को मिले पॉजिटिव रिव्यू और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ का असर इसकी कमाई पर भी नजर आ रहा है. सोमवार को फिल्म ने 11वें दिन रात 8 बजे तक 1.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था. सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म को 8,689 शोज मिले और ऑक्यूपेंसी करीब 10 फीसदी रही. हालांकि, 11वें दिन के आधिकारिक आंकड़े रात 10 बजे तक आने थे.
पहले हफ्ते में ही पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा
‘आवारापन 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 22 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ शुरुआत की थी. दूसरे दिन फिल्म ने जबरदस्त छलांग लगाते हुए 33 करोड़ रुपये कमाए, जबकि तीसरे दिन 26 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इसके बाद चौथे दिन 9.25 करोड़, पांचवें दिन 9.75 करोड़, छठे दिन 6.75 करोड़ और सातवें दिन 6 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ. फिल्म ने पहले हफ्ते में ही 100 करोड़ का आंकड़ा पार करते हुए 113.50 करोड़ रुपये की कमाई कर ली.
10 दिनों में 136 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन
फिल्म की कमाई दूसरे हफ्ते में भी बनी हुई है. आठवें दिन ‘आवारापन 2’ ने 5.75 करोड़, नौवें दिन 8.25 करोड़ और दसवें दिन 8.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इस तरह 10 दिनों में फिल्म का नेट कलेक्शन 136.25 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं फिल्म ने 162.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. ओवरसीज मार्केट से 30.30 करोड़ रुपये मिलने के बाद फिल्म की दुनियाभर में कुल कमाई 192.80 करोड़ रुपये हो गई है.
इमरान हाशमी के रोमांटिक अंदाज ने जीता दिल
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी ‘आवारापन 2’ रोमांटिक और एडवेंचर जॉनर की फिल्म है. इसमें इमरान हाशमी लीड रोल में हैं, जबकि दिशा पाटनी फीमेल लीड में नजर आ रही हैं. शबाना आजमी, विजयंत कोहली, सलिल आचार्य, अतुल कुमार और पूरन गब्बी भी फिल्म का हिस्सा हैं. यह 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ का सीक्वल है. पहले पार्ट को बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता नहीं मिली थी, लेकिन समय के साथ इसके गाने काफी लोकप्रिय हुए. सीक्वल में इमरान के रोमांटिक किरदार को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.
इमरान हाशमी के पास हैं तीन बड़ी फिल्में
‘फुटपाथ’ से बॉलीवुड डेब्यू करने वाले इमरान हाशमी ने ‘मर्डर’, ‘जहर’, ‘आशिक बनाया आपने’, ‘गैंगस्टर’, ‘जन्नत’, ‘राज’ और ‘द डर्टी पिक्चर’ जैसी फिल्मों में काम किया है. अब उनके पास ‘गनमास्टर जी9’, ‘रूह’ और ‘जी 2’ जैसी फिल्में हैं, जिनकी शूटिंग जारी है. ‘आवारापन 2’ की मौजूदा बॉक्स ऑफिस रफ्तार के बाद अब नजर इस बात पर है कि फिल्म आने वाले दिनों में 150 करोड़ के आंकड़े तक कितनी तेजी से पहुंचती है.
ये भी पढ़ें: ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर पलटी बाजी, तीसरे हफ्ते में कमाई ने चौंकाया, कमाया 152.78 % प्रॉफिट