भारत में खेला जाएगा ऑस्ट्रेलिया का बिग बैश लीग, पीएम मोदी ने MCG से किया ऐलान, इस तारीख को होगा मुकाबला

ऑस्ट्रेलिया की मशहूर बिग बैश लीग (BBL) का मुकाबला पहली बार भारत में खेला जाएगा.

Australias Big Bash League to be played in India PM Modi from the MCG
Image Source: ANI

Big Bash in India: ऑस्ट्रेलिया की मशहूर बिग बैश लीग (BBL) का मुकाबला पहली बार भारत में खेला जाएगा. इस ऐतिहासिक मैच का आयोजन 12 दिसंबर 2026 को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में होगा.

इस मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स आमने-सामने होंगी. मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर 2 बजकर 40 मिनट से शुरू होगा.

भारत में बिग बैश मैच का आयोजन भारत और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट संबंधों के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान इस मुकाबले के आयोजन को अंतिम मंजूरी मिली.

क्रिकेट दोनों देशों को जोड़ता है- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट के रिश्तों पर बात की.

पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं है, बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है. क्रिकेट भारत और ऑस्ट्रेलिया के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाता है.

उन्होंने कहा कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड आकर उन्हें खेल भावना को महसूस करने का मौका मिला.

पीएम मोदी ने इस दौरान भारत में होने वाले बड़े खेल आयोजनों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी प्रयास कर रहा है.

चेपॉक बनेगा मेलबर्न रेनेगेड्स का घरेलू मैदान

12 दिसंबर को होने वाला यह मुकाबला बिग बैश लीग के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के बाहर खेला जाने वाला पहला मैच होगा.

इस मुकाबले के लिए चेन्नई का चेपॉक स्टेडियम मेलबर्न रेनेगेड्स का घरेलू मैदान बनाया जाएगा. यानी टीम इस मैच को अपने होम ग्राउंड की तरह खेलेगी.

भारत में इस मुकाबले का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा. वहीं ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग के आधिकारिक प्रसारक फॉक्स क्रिकेट और चैनल सेवन अपनी कमेंट्री टीम को चेन्नई भेजेंगे.

यह मैच भारत में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट लीग की लोकप्रियता बढ़ाने के साथ-साथ दोनों देशों के क्रिकेट रिश्तों को और मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- France vs Morocco: फिर चला किलियन एम्बाप्पे का जादू, फ्रांस ने मोरक्को को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह