France vs Morocco: फिर चला किलियन एम्बाप्पे का जादू, फ्रांस ने मोरक्को को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

फ्रांस ने फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में शानदार अंदाज में जगह बना ली है. क्वार्टर फाइनल में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराकर अंतिम चार का टिकट पक्का कर लिया.

Fifa World Cup 2026 France Beat Morocco To Reach Semi finals Kylian Mbappé
Image Source: ANI

France vs Morocco: फ्रांस ने फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में शानदार अंदाज में जगह बना ली है. क्वार्टर फाइनल में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराकर अंतिम चार का टिकट पक्का कर लिया. बोस्टन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले हाफ में मोरक्को ने अच्छी चुनौती दी, लेकिन दूसरे हाफ में फ्रांस ने लगातार दो गोल करके मैच अपने नाम कर लिया.

दूसरे हाफ में एम्बाप्पे ने खोला गोल का खाता

मैच के पहले हाफ में मोरक्को के गोलकीपर यासीन बोनो ने फ्रांस की पेनल्टी रोककर अपनी टीम को बड़ी राहत दिलाई. हालांकि इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा और दूसरे हाफ में फ्रांस ने आक्रामक खेल दिखाया.

60वें मिनट में कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने शानदार गोल कर फ्रांस को 1-0 की बढ़त दिलाई. पेनल्टी एरिया के पास डेसिरे डौए से पास मिलने के बाद एम्बाप्पे ने तीन डिफेंडरों के बीच से दमदार शॉट लगाकर गेंद को गोल में पहुंचा दिया.

डेम्बेले ने जीत की मुहर लगाई

एम्बाप्पे के गोल के सिर्फ छह मिनट बाद फ्रांस ने अपनी बढ़त दोगुनी कर दी. उस्मान डेम्बेले ने एम्बाप्पे के पास पर शानदार फिनिश करते हुए गेंद को गोलपोस्ट के दाहिने कोने में पहुंचा दिया. मोरक्को के गोलकीपर ने गेंद को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके.

पूरे मैच में फ्रांस का रहा दबदबा

पूरे मुकाबले में फ्रांस का खेल पूरी तरह हावी रहा. टीम ने कुल 22 शॉट लगाए, जिनमें 9 शॉट सीधे गोल की तरफ रहे. दूसरी ओर मोरक्को की टीम सिर्फ 5 शॉट ही लगा सकी और उनमें से केवल एक शॉट ही गोलपोस्ट के दायरे में रहा.

गोल्डन बूट की दौड़ में एम्बाप्पे

इस गोल के साथ 27 वर्षीय किलियन एम्बाप्पे ने फीफा विश्व कप 2026 में अपने गोलों की संख्या 8 कर ली है. अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी के भी 8 गोल हैं और दोनों फिलहाल गोल्डन बूट की दौड़ में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं.

यह एम्बाप्पे का तीसरा फीफा विश्व कप है और वह अब तक विश्व कप में कुल 20 गोल कर चुके हैं. वहीं छठा विश्व कप खेल रहे लियोनेल मेसी के नाम अब तक 21 विश्व कप गोल दर्ज हैं.