रील बनाने के चक्कर में सांप के मुंह में डाला अंगूठा, 3 बार डसा... फिर जो हुआ, जानकर रह जाएंगे दंग

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की सनसनी हासिल करने की कोशिश एक युवक के लिए खतरनाक साबित हो गई. अछल्दा थाना क्षेत्र में सांप के साथ वीडियो बनाते समय करीब 25 वर्षीय ऋषि पोरवाल ने उसके मुंह में अपना अंगूठा डाल दिया.

auraiya-youth-snake-stunt-three-times-bitten-social-media
Image Source: Social Media

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की सनसनी हासिल करने की कोशिश एक युवक के लिए खतरनाक साबित हो गई. अछल्दा थाना क्षेत्र में सांप के साथ वीडियो बनाते समय करीब 25 वर्षीय ऋषि पोरवाल ने उसके मुंह में अपना अंगूठा डाल दिया. इसके बाद सांप ने युवक को लगातार तीन बार डस लिया. अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और युवक भी बुरी तरह घबरा गया.

सांप को पकड़कर जंगल ले जाने निकला था युवक

बताया जा रहा है कि अछल्दा रेलवे स्टेशन और रेलवे लाइन के पास एक दुकान के नजदीक लोगों को सांप दिखाई दिया था. स्थानीय निवासी ऋषि पोरवाल ने सांप को पकड़ लिया. उसका कहना था कि वह इसे आबादी से दूर जंगल में छोड़ने जा रहा है, ताकि किसी को नुकसान न पहुंचे. लेकिन रास्ते में मामला बदल गया. सांप को सुरक्षित छोड़ने के बजाय युवक ने उसके साथ वीडियो बनाना शुरू कर दिया और सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के चक्कर में खतरनाक स्टंट करने लगा.

सांप के मुंह में डाला अंगूठा, तीन बार हुआ हमला

वीडियो बनाने के दौरान ऋषि ने सांप के मुंह के अंदर अपना अंगूठा डाल दिया. सांप ने तुरंत पलटकर उसके अंगूठे पर हमला कर दिया. युवक ने हाथ पीछे खींचने की कोशिश की, लेकिन सांप ने उसे दोबारा और फिर तीसरी बार भी डस लिया. तीन बार काटे जाने के बाद युवक घबरा गया और उसने सांप को वहीं छोड़ दिया. इसके बाद सांप झाड़ियों में चला गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में युवक घटना को गंभीरता से नहीं ले रहा था, लेकिन लगातार काटे जाने के बाद उसकी हालत देखकर आसपास के लोग भी परेशान हो गए.

अस्पताल नहीं पहुंचा युवक

सांप के काटने के बाद तत्काल इलाज कराना बेहद जरूरी होता है, लेकिन जानकारी के मुताबिक ऋषि घटना के दिन अछल्दा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंचा. CHC के डॉक्टरों ने बताया कि उस दिन सांप के काटने का ऐसा कोई मरीज वहां नहीं आया था. यह घटना सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्टंट करने की बढ़ती प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े करती है. कुछ सेकंड की वायरल लोकप्रियता के लिए जहरीले जीवों के साथ इस तरह की हरकत जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए सांप जैसे जंगली जीवों से दूरी बनाए रखना ही सबसे सुरक्षित रास्ता है.

ये भी पढ़ें: सावन में काशी बना आस्था का केंद्र, बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे 56 लाख भक्त, देवघर भी छूटा पीछे