सावन में काशी बना आस्था का केंद्र, बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे 56 लाख भक्त, देवघर भी छूटा पीछे

पवित्र सावन महीने में काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है. सावन के शुरुआती 20 दिनों में ही श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या करीब 56 लाख को पार कर गई है.

Kashi becomes a hub of faith during Sawan devotees visit Baba Vishwanath shrine
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Kashi Vishwanath Dham: पवित्र सावन महीने में काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है. सावन के शुरुआती 20 दिनों में ही श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या करीब 56 लाख को पार कर गई है. श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में काशी ने देश के कई प्रमुख ज्योतिर्लिंगों को पीछे छोड़ दिया है.

सावन के दौरान देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में शिव भक्तों की बड़ी भीड़ पहुंच रही है. अब तक श्री महाकालेश्वर उज्जैन में 77.50 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि श्री काशी विश्वनाथ में 56 लाख, बाबा वैद्यनाथ धाम देवघर में 45 लाख, ओंकारेश्वर में 28 लाख, सोमनाथ मंदिर में 16 लाख और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग में 12 लाख भक्तों ने दर्शन किए हैं.

सामान्य दिनों में 2 लाख से ज्यादा भक्त

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि मंदिर प्रशासन तय व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन कराने की कोशिश कर रहा है. सावन के सोमवार को औसतन 5.5 लाख श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर रहे हैं. वहीं सामान्य दिनों में भी रोजाना 2 लाख से ज्यादा भक्त मंदिर पहुंच रहे हैं. अनुमान है कि सावन के बचे हुए 9 दिनों में श्रद्धालुओं की कुल संख्या 80 लाख तक पहुंच सकती है.

सुरक्षा और स्वास्थ्य के खास इंतजाम

भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वाराणसी जिला प्रशासन और मंदिर प्रशासन ने भी तैयारियां बढ़ा दी हैं. गर्मी और धूप से बचाने के लिए जर्मन हैंगर लगाए गए हैं. इसके अलावा लगातार पीने का ठंडा पानी, मैट और मेडिकल टीमों की व्यवस्था की गई है.

दर्शन के साथ धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ी है. मंदिर प्रशासन के अनुसार, 20 अगस्त तक 8,300 से ज्यादा भक्त बाबा विश्वनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक करा चुके हैं.

ये भी पढ़ें- भारत के एक्शन से पाकिस्तान में खौफ, हाफिज सईद को ISI ने घर में किया कैद, जान बचाने में जुटी सेना!